नकाबपोश लेडी गैंग ने मचाया बवाल, घर में घुसकर महिला को घसीट-घसीटकर पीटा, बच्चों तक को नहीं बख्शा
सहारनपुर में नकाबपोश महिलाओं के एक गैंग ने संपत्ति विवाद के चलते एक घर पर हमला बोल दिया. इस दौरान घर के अंदर मौजूद महिला को बाहर घसीट-घसीटकर पीटा. यहां तक कि घर के बच्चों तक को नहीं बख्शा. अब वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस इस मामले में कार्रवाई के लिए जुट गई है.
सहारनपुर के जनकपुरी इलाके में एक संपत्ति विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया, जब कुछ नकाबपोश महिलाएं और उनके साथ आए लोग एक मकान में जबरन घुस गए. फिर अंदर मौजूद महिला व बच्चों के साथ मारपीट की. घटना का पूरा वीडियो घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. अब सीसीटीवी में मिले फुटेज को आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. इस मामले में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
क्या है असल विवाद?
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक यह मकान पहले विरेंद्र के नाम पर कराया गया था. फिर बाद में उसे विशाल सिंह को बेच दिया गया. कुछ समय तक मकान खाली रहा, लेकिन बाद में विरेंद्र का भाई संग्राम सिंह अपने परिवार के साथ वहां रहने लगा. उधर, जब नए मालिक विशाल सिंह को इस बात की जानकारी हुई, तो वह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गया. आरोप है कि दोनों पक्षों के लोग दीवार पार कर घर में दाखिल हुए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. घर में मौजूद महिला और बच्चों को भी नहीं बख्शा गया.
पुलिस ने कहा-दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हमले में शामिल महिलाएं चेहरा ढके हुए थीं. उन्होंने घर के भीतर मौजूद महिला को जबरन बाहर खींचकर पीटा. ये पूरी घटना मकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जनकपुरी थाना पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.