मोहाली ब्लास्ट की जांच UP के देवबंद तक पहुंची, आतंकियों को तकनीकी मदद देने का आरोप में युवक गिरफ्तार
सितंबर 2021 में पंजाब के मोहाली स्थित इंटेलिजेंस मुख्यालय पर रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) से हमला किया गया था. इस घटना के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने कई राज्यों में फैले संदिग्ध नेटवर्क की जांच शुरू की थी. अब इस मामले से देवबंद से एक युवक को गिरफ्तार किया गया.
पंजाब के चर्चित मोहाली आरपीजी हमले की जांच में सुरक्षा एजेंसियों को एक अहम सफलता मिली है. जांच के सिलसिले में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के देवबंद क्षेत्र में ज्वाइंट ऑपरेशन करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया गया है. गिरफ्तारी पंजाब एसटीएफ और यूपी एटीएस की ज्वाइंट टीम द्वारा की गई.
युवक पर आतंकियों को मदद करने का आरोप
देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव बचीटी निवासी मोहत्सीम नामक युवक का नाम जांच के दौरान सामने आया था. जांच एजेंसियों का आरोप है कि वह पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था और उसने अपने व्हाट्सएप अकाउंट से जुड़ी तकनीकी जानकारी तथा ओटीपी उपलब्ध कराकर संदिग्ध तत्वों की मदद की.
एजेंसियों का मानना है कि इस तकनीकी सहायता का इस्तेमाल देश के विभिन्न हिस्सों में संपर्क स्थापित करने और संदेशों के आदान-प्रदान के लिए किया गया. इसी आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. छापेमारी के दौरान टीम ने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री भी बरामद की है. बरामद सामान को जांच के लिए भेजा गया है, जहां डिजिटल और फोरेंसिक विश्लेषण के माध्यम से नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी.
आरोपी स्थानीय ग्राम प्रधान का भाई
सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार युवक स्थानीय ग्राम प्रधान का भाई बताया जा रहा है. वहीं स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि उसके खिलाफ पूर्व में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं. हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक इन पुराने मामलों और वर्तमान जांच के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की पुष्टि नहीं की है.
गिरफ्तारी के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल पूछताछ और जांच को आगे बढ़ाने में जुटी हैं. माना जा रहा है कि पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर अन्य राज्यों में भी कार्रवाई की जा सकती है.
सितंबर 2021 में मोहाली में RPG से हुआ था हमला
गौरतलब है कि सितंबर 2021 में पंजाब के मोहाली स्थित इंटेलिजेंस मुख्यालय पर रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) से हमला किया गया था. इस घटना के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने कई राज्यों में फैले संदिग्ध नेटवर्क की जांच शुरू की थी. देवबंद से हुई यह ताजा गिरफ्तारी उसी जांच अभियान का हिस्सा मानी जा रही है.
