44 मुकदमे, एक लाख का इनाम; मिर्जापुर में मारा गया सहारनपुर का कुख्यात गोकश शहजाद
सहारनपुर के कुख्यात बदमाश शहजाद को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है. एक लाख के इनामी इस शातिर बदमाश के खिलाफ लूट, डकैती, हत्या का प्रयास समेत 44 मुकदमे दर्ज थे. पुलिस ने इस बदमाश के खिलाफ एक लाख का इनाम घोषित किया था.
सहारनपुर के कुख्यात बदमाश शहजाद को आखिरकार पुलिस ने बुधवार को आमने सामने की फायरिंग में मार गिराया है. एक लाख के इनामी इस शातिर बदमाश के खिलाफ लूट, डकैती, हत्या का प्रयास समेत 44 मुकदमे दर्ज थे. पुलिस ने इस बदमाश के खिलाफ एक लाख का इनाम घोषित किया था. इसी बीच पुख्ता इनपुट के आधार पर सहारनपुर और मिर्जापुर की पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन में इस बदमाश को मार गिराया है.
सहारनपुर पुलिस के मुताबिक फतेहपुर थाना क्षेत्र में गडेवड़ गांव के रहने वाले शहजाद पर गोकशी के अलावा जानलेवा हमला करने, लूट, डकैती समेत 44 से ज्यादा संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. काफी समय से पुलिस इसकी तलाश कर रही थी, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी हाथ नहीं लगने पर पिछले दिनों पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था.
छोटी उम्र में बना कसाई
पुलिस के मुताबिक बदमाश शहजाद का मुख्य पेशा गोकशी था. वह छोटी उम्र में ही कसाई बन गया था. इसके अलावा वह अन्य आपराधिक वारदातों को भी अंजाम देता था. बुधवार को सहारनपुर पुलिस को सूचना मिली कि यह बदमाश मिर्जापुर इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आनन फानन में इसकी शेरपुर पेलो इलाके में घेराबंदी की. जहां आमने सामने की फायरिंग में यह बदमाश ढेर हो गया.
नाके पर हुआ एनकाउंटर
पुलिस के मुताबिक शेरपुर पेलो के पास पुलिस ने नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की. इसी दौरान पहुंचे इस बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की इस फायरिंग में पुलिस के दो सिपाही सोमेंद्र और कुलदीप गोली लगने से घायल भी हो गए. इतने में पुलिस ने अलर्ट पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए इसे मार गिराया है. पुलिस के मुताबिक गोली लगने से घायल इस बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.