125 रुपये टोल बचाने के लिए शॉर्ट कट लिया, लेकिन आफत में पड़ गई जान, फिर पुलिस वालों ने ऐसे किया रेस्कयू
सहारनपुर में कार सवारों ने 125 रुपये टोल बचाने के लिए शॉर्टकट लिया. लेकिन उनका ये फैसला उनकी जान पर आफत लेकर आया. दरअसल, कुछ ही देर बाद उनकी गाड़ी एक भारी जलजमाव वाले रेलवे अंडरपास में फंस गई.
सहारनपुर के रेलवे अंडरपास लोगों के लिए आफत बनते जा रहे हैं. हल्की सी बारिश में भी यहां भारी जलजमाव हो जाता है. सरसावा क्षेत्र के गांव भिक्कनपुर स्थित रेलवे अंडरपास भी लोगों के सामने इसी तरह की मुश्किलें खड़ी कर रहा है. यहां घुटनों तक पानी लगा हुआ है, जिसके चलते हरियाणा से सहारनपुर आ रही एक कार अचानक जलभराव के बीच फंस गई.
अंडरपास के बीच में ही अटक गई कार
ड्राइवर ने अंडरपास से कार निकालने की भरपूर कोशिश की. लेकिन कार बीच में अटक गई. कार में सवार लोग करीब बीस मिनट तक अंदर ही फंसे रहे. भारी जमजमाव के चलते बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके. पानी लगातार बढ़ने से कार सवारों की सांसें अटकी रहीं.
रेस्क्यू के लिए पुलिस को आना पड़ा
घबराए यात्रियों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर मदद मांगी. सूचना मिलते ही डायल 112 पीआरवी यूपी-32 डीजी-5986 पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से रस्सी और ट्रैक्टर मंगवाया. काफी मशक्कत के बाद पानी में फंसी कार को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
125 रुपये बचाने के लिए शॉर्टकट लेने के चलते आफत में आई जान
रेस्क्यू के बाद कार सवारों ने बताया कि वह टोल प्लाजा के 125 रुपये बचाने के लिए शॉर्टकट रास्ते से गुजर रहा था, लेकिन रेलवे अंडरपास में भरे पानी के कारण उसकी जान पर ही बन आई. गनीमत रही कि समय रहते पुलिस पहुंच गई और बड़ा हादसा टल गया. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलभराव वाले अंडरपास और निचले रास्तों से गुजरने से बचें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके.
हर बारिश में होता है ऐसा हाल
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में हल्की सी बारिश से भी जितने अंडरपास हैं वहां भारी जलजमाव हो जाता है. इससे लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. कई बार इसके चलते हादसे भी हो चुके हैं. इसको लेकर प्रशासन से कई बार शिकायत भी की जा चुकी है.