स्कूल बंक कर युवक के घर पहुंचीं दो छात्राएं, बाहर परिजन को देख लगा ली फांसी

सहारनपुर में दो नाबालिग छात्राओं से जुड़ी घटना के बाद सनसनी फैल गई है. स्कूल बंक कर एक युवक के घर पहुंचीं 11वीं की दो छात्राओं ने परिजनों के आने पर घबराकर आत्महत्या का प्रयास किया. इस घटना में एक छात्रा की जान चली गई, जबकि दूसरी की हालत गंभीर है.

स्कूल बंक कर युवक के घर पहुंचीं दो नाबालिग छात्राएं, एक की मौत

सहारनपुर के थाना चिलकाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राओं ने एक मकान के अंदर खुदकुशी की कोशिश की. इस घटना में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि दूसरी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया. पुलिस ने मृत छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्राएं सुबह अपने-अपने घरों से स्कूल जाने के लिए निकली थीं, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंचीं. स्कूल प्रशासन ने इसकी जानकारी परिजनों को दी. परिजन को पता चला कि दोनों एक युवक के घर पर है. परिजन जब उनकी तलाश करते हुए वहां पहुंचे तो खबराकर दोनों ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की.

कमरे में दोनों छात्राएं गंभीर हालत में मिलीं

जानकारी के मुताबिक, परिजनों को एक छात्रा की सहेली से पता चला कि उसका एक युवक से संपर्क था. वह उसके घर जा सकती है. बताया गया कि युवक का मकान स्कूल के आसपास ही था. इसके बाद परिजनों ने युवक के घर पहुंचकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन काफी देर तक अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. धीरे-धीरे लोग भी मौके पर जमा हो गए.

काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने दूसरे रास्ते से मकान के अंदर जाने का प्रयास किया. पड़ोसी की छत के रास्ते एक व्यक्ति मकान तक पहुंचा और अंदर का दरवाजा खोला. अंदर दोनों छात्राएं गंभीर हालत में मिलीं. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया.

युवक मौके से फरार, तलाश में जुटी पुलिस

अस्पताल में डॉक्टरों ने एक छात्रा को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी छात्रा का इलाज और मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने मृत छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद जिस युवक के मकान में दोनों छात्राएं पहुंची थीं, वह मौके पर नहीं मिला. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

जानकारी मिली है की लोगो की भीड़ और अपने परिजनों को देखकर शायद दोनों छात्राएं घबरा गईं और उन्होंने अपनी जान देने की कोशिश की. अधिकारियों के मुताबिक, छात्राओं के स्कूल से अनुपस्थित रहने से लेकर युवक के घर पहुंचने और फिर हुई घटना तक के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. परिजनों, छात्राओं की सहेलियों से भी पूछताछ जारी है.

Follow Us