सहारनपुर में महिला की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का आरोप; दामाद को फोन पर कहा- तेरी सास को मार दिया

सहारनपुर के रामपुर मनिहारान कस्बे में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. लेकिन खास बात है कि हत्या का आरोप उसके पति पर लगा है. परिजनों के अनुसार, आरोपी पति ने दामाद को फोन पर हत्या की बात कबूली. उसने कहा कि तेरी सास को मार दिया है. दंपति के बीच 20 साल से विवाद था.

सहारनपुर हत्याकांड: घरेलू कलह बनी मौत का कारण? Image Credit:

सहारनपुर के रामपुर मनिहारान कस्बे में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका के परिजनों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद अपने दामाद को फोन कर यह बात बताई कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है. घटना के बाद से इलाके में हड़कंप है.

यह घटना रामपुर मनिहारान के मोहल्ला महल इलाके की बताई जा रही है. मृत महिला की पहचान करीब 40 वर्षीय शबाना के रूप में हुई है, शबाना अपने पति सलीम के साथ यही रह रही थी. महिला की मौत की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घर के बाहर जुट गई. पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया.

विवाह के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद

परिवार के लोगों का कहना है कि लगभग बीस साल पहले शबाना की शादी गागलहेड़ी क्षेत्र के कैलाशपुर गांव के रहने वाले सलीम से हुई थी. आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और कई बार मारपीट की नौबत भी आ चुकी थी. इस विवाद को लेकर पहले भी रिश्तेदारों और समाज के लोगों ने समझौते की कोशिश की थी.

हालाकिं, समझौते के बावजूद हालात में ज्यादा बदलाव नहीं आया. परिजनों का कहना है कि बेटी की परेशानी को देखते हुए उन्होंने बाद में रामपुर मनिहारान में ही उसके रहने की व्यवस्था कर दी थी. इसके लिए एक मकान भी बनवाया गया था ताकि वह यहीं रह सके, लेकिन पति का व्यवहार पहले जैसा ही बना रहा. दोनों में आए दिन मारपीट होती रहती थी.

नशीला पदार्थ देकर तकिये से मुंह दबा किया हत्या

परिवार का आरोप है कि घटना वाली रात सलीम ने पहले पत्नी को नशीला पदार्थ दिया और बाद में तकिये से उसका मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. परिजनों के अनुसार घटना के बाद आरोपी ने अपने दामाद को फोन कर कहा कि उसने शबाना को खत्म कर दिया है. साथ ही उसने यह भी कहा कि पत्नी के मायके वालों को खबर दे दी जाए.

दामाद ने यह जानकारी तुरंत महिला के परिवार को दी. सूचना मिलने पर परिजन रात में ही घर पहुंचे, जहां शबाना मृत मिली, जबकि सलीम वहां नहीं था. थाना प्रभारी राधेश्याम यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे से कई नमूने और संभावित साक्ष्य एकत्र किए. मामले में जांच जारी है.

Follow Us