गंगा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसे में 30 लोग घायल, खड़े ट्रक में जा घुसी बस

संभल और बदायूं के थाना इस्लामनगर क्षेत्र की सीमा पर, चंदौसी टोल प्लाजा के पास एक बस खड़े ट्रक से टकरा गई. हादसे में तकरीबन 30 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. यात्रियों ने बस ड्राइवर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है.

गंगा एक्सप्रेस-वे पर बस हादसा

संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे की खबर आ रही है. लुधियाना से आ रही एक डबल टैंकर बस एक्सप्रेस वे पर खड़े ट्रक से टकरा गई. इसमें 25 से 30 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची. घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.

यह हादसा उत्तर प्रदेश के जनपद संभल और बदायूं के थाना इस्लामनगर क्षेत्र की सीमा पर, चंदौसी टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 8 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि बस लुधियाना से बदायूं, हरदोई और उन्नाव के लिए जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में खड़े ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई.

बस में 30 से ज्यादा यात्री थे सवार

टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस में बैठे 25 से 30 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई. बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार बताया जा रहे थे. पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आनन-फानन में सभी घायलों को बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया.

यात्रियों ने बस ड्राइवर पर शराब पीने का आरोप लगाया

यात्रियों ने बस ड्राइवर पर शराब पीने का आरोप लगाया. रमा नाम की यात्री ने कहा कि बस चालक रास्ते में 2-3 जगह रुककर शराब पी रहा था. इसके अलावा यात्रा के दौरान बस दो बार खराब भी हो चुकी थी. ऐसे में चालक बस को धीमी गति में चला रहा था. तभी अचानक ट्रक से टक्कर हो गई.

प्रारंभिक जांच में हुआ ये खुलासा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को हल्की झपकी आ गई, जिसके कारण बस ट्रक से टकरा गई. हादसे में लगभग 26 से 27 लोग घायल हुए हैं. हालांकि किसी की मौत की सूचना नहीं है. मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

Follow Us