गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रॉली में घुसी तेज रफ्तार कार, बाप-बेटे समेत 3 की मौत; मां की हालत नाजुक
गंगा एक्सप्रेसवे पर एक भीषण हादसा हुआ है, जिसमें संभल जिले में तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई. इस दुर्घटना में बाप-बेटे सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल है. पुलिस जांच कर रही है और ओवरस्पीडिंग को हादसे का संभावित कारण बताया जा रहा है.
उत्तर प्रदेश के सबसे अत्याधुनिक कहे जाने वाले गंगा एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है. संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस वे के चैनल नंबर 112 के बमनेटा गांव के पास हुए इस हादसे में बाप-बेटे समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है. यह महिला मृत बच्चे की मां बताई जा रही है. फिलहाल सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसा शुक्रवार देर रात का है. पुलिस के मुताबिक कार सवार सभी लोग आजमगढ़ के रहने वाले थे. इनकी पहचान अजय कुमार (40) अपनी पत्नी शैलेश देवी, इकलौते बेटे पीयूष (12) और साले राजकुमार के रूप में हुई है. ये सभी आजमगढ़ से गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते कार में सवार होकर दिल्ली जा रहे थे. कार जैसे ही बहजोई थाना क्षेत्र में बमनेटा गांव के सामने पहुंची, अचानक कार अनियंत्रित हो गई. फिर देखते ही देखते आगे चल रही गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से टकरा गई.
कार से कूद कर भागा ड्राइवर
इस भयानक टक्कर में कार सवार अजय कुमार, पीयूष और राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कार में पीछे बैठीं शैलेश देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद कार चालक गाड़ी से कूदकर फरार हो गया. इतने में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने घायल महिला को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद मृतकों को भी बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया.
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल हादसे के संबंध में मृतकों के परिजनों को सूचित किया गया है. उनके आने पर शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पुलिस के मुताबिक हादसे के वक्त कार के ओवरस्पीड होने की आशंका है. बताया जा रहा है कि अचानक सामने गन्ना लदी ट्रॉली देखकर कार चालक बैलेंस खो दिया और उसी स्पीड में ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी.