संभल में आज भी अवैध कब्जे पर बुलडोजर एक्शन, मस्जिद की 35 फीट मीनार गिरी

संभल के असमोली थाना क्षेत्र में एक बार फिर से प्रशासन का बुलडोजर चला है. भारी पुलिस की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर दशकों से किए गए अवैध कब्जा हटाया गया. मस्जिद की 35 फीट ऊंची मीनार सहित मदरसा और दुकानें ध्वस्त की गईं. 30 साल पुरानी अवैध जमीन पर 15 साल पहले मस्जिद बनी थी.

संभल में 30 साल पुराने अवैध कब्जे का अंत

संभल जिले में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन अवैध कब्जे पर बुलडोजर एक्शन हुआ है. इससे ठीक एक दिन पहले (गुरुवार), प्रशासन ने संभल के ही बिछौली गांव में सरकारी जमीन पर बने एक इमामबाड़ा और ईदगाह को भी बुलडोजर से ध्वस्त किया था, वहीं, आज असमोली थाना के मुबारकपुर गांव में मस्जिद की 35 फीट ऊंची मीनार को गिरा दिया गया.

प्रशासन के मुताबिक, इस जमीन पर करीब 30 साल पहले अवैध कब्जा किया गया था, जबकि 15 साल पहले मस्जिद का निर्माण हुआ. यहां 5 दुकानें और 8 मकान भी बनाए गए थे. मामले में शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार कोर्ट ने 28 मार्च को अवैध निर्माण हटाने का नोटिस जारी किया था. नोटिस के बाद भी नहीं हटे कब्जे, तो अब बुलडोजर चल रहा है.

खेल के मैदान पर थी मस्जिद, मदरसा और दुकानें

कोर्ट के आदेश के बाद 30 मार्च से अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, और 31 मार्च से स्थानीय लोगों ने खुद ही मदरसा, गुस्लखाना और दुकानों को हटाना शुरू कर दिया था. इससे पहले 5 अप्रैल को भी कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन बुलडोजर चालक ने मीनार गिराने से मना कर दिया था, क्योंकि उसे खतरा था कि मीनार उसके ऊपर गिर सकती है.

हालांकि, उसी दिन मदरसा, दुकानों और मस्जिद के गेट को तोड़ दिया गया था. वहीं, अब प्रशासन पूरी तरह से बाकी बचे निर्माण को हटाने के लिए तैयार है. प्रशासन ने मस्जिद की करीब 35 फीट ऊंची मीनार को दो हाइड्रा मशीन से गिरा दिया है. यह मस्जिद, मदरसा और पांच दुकानें सरकारी जमीन पर बनी थीं, जो खाद के गड्ढे और खेल के मैदान के लिए थी.

DM-SP के साथ पुलिस और RPF मौके पर मौजूद

बुलडोजर कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल के साथ RPF भी मौके पर मौजूद है. डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी केके बिश्नोई मौर्चा संभाले हुए हैं. साथ ही DM की बनाई 9 सदस्यीय टीम की भी तैनाती है. फिलहाल, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड में है.

Follow Us