हाथ पर योगी का टैटू, पर पुलिस से मिला धोखा! नाराज होकर टावर पर चढ़ी महिला, मचा हड़कंप

संतकबीरनगर में न्याय की गुहार लगाते हुए एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई. घंटों चले हंगामा के बाद पुलिस ने बेटे का हवाला देकर उसे नीचे उतारा. महिला का आरोप है कि बाद में पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी को छोड़ दिया, जिससे वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है.

पुलिस ने छोड़ा आरोपी, तो न्याय को टावर पर चढ़ी महिला Image Credit:

संतकबीरनगर के धनघटा थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा न्याय की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ने का मामला सामने आया है. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. महिला का आरोप है कि वह लंबे समय से अपनी शिकायत लेकर थाने और पुलिस चौकियों के चक्कर लगा रही थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई. आखिर में यह कदम उठाना पड़ा.

​पीड़िता का आरोप है कि वह लगातार न्याय के लिए धनघटा थाने और चौकियों के चक्कर काटती रही, लेकिन पुलिस के कान पर जूं तक नहीं रेंगी. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. काफी देर तक समझाने-बुझाने के बावजूद महिला नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई. बाद में उसके छोटे बेटे का हवाला देकर उसे नीचे उतारा गया.

CM की कार्यशैली से प्रभावित होकर बनवाया टैटू

​आखिरकार, पीड़ित मां अपने कलेजे के टुकड़े का मुंह देखकर और पुलिस अधिकारियों द्वारा यह कसम खाने के बाद कि ‘तुम्हारी आत्मा को न्याय मिलेगा और आरोपी को हर हाल में जेल भेजा जाएगा’. महिला के भीतर की ममता जाग गई और वह पुलिस के इस ठोस भरोसे पर टावर से नीचे उतर आई. पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया.

महिला के हाथ पर CM योगी का टैटू भी है, उसने कहा कि वह मुख्यमंत्री की कार्यशैली से प्रभावित होकर टैटू बनवाया था. सरकार से न्याय की उम्मीद थी, लेकिन स्थानीय पुलिस की कार्रवाई ने भरोसा तोड़ दिया. आरोप है कि 17 जून को गांव के एक युवक प्रभाकर राय ने उसके साथ छेड़छाड़ किया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था लेकिन बाद में छोड़ दिया.

मोबाइल नंबर मांगा, गाली-गलौज और मारपीट की

महिला का आरोप है कि आरोपी ने उससे नंबर मांगा और कथित रूप से अभद्रता और मारपीट कर उसे घायल कर दिया था. वहीं, धनघटा थाना प्रभारी दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है, जल्द ही साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us