ड्रम में पैक होने से अच्छा है कि… पति ने खुद BF के हाथ में थमाया पत्नी का हाथ, मंदिर में कराई शादी

उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है, यहां एक पति ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी है. कहा कि 21 साल की शादी और 5 बच्चों के बावजूद उसकी पत्नी का प्रेम प्रसंग चल रहा था. पति ने रोज-रोज के झगड़ों और संभावित अनहोनी ('ड्रम में पैक होने') से बचने के लिए यह अनोखा कदम उठाया. उसने कहा, "अभी मुझे जीना है."

पति ने खुद कराई पत्नी की शादी Image Credit:

उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां धनघटा थाना क्षेत्र के डेवरी गांव में एक युवक ने खुद अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी. बताया कि उसकी शादी 21 साल पहले हुई. पांच बच्चे भी हैं. बावजूद इसके, उसकी पत्नी का एक युवक के साथ प्रेम संबंध चल रहा था. इस बात को लेकर घर में तनाव की स्थिति बन गई थी. चूंकि पहले ही प्रेम प्रसंग में पति की हत्या की कई घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए उसने विधिवत सोच समझकर अपनी पत्नी का हाथ उसके प्रेमी को सौंप दिया है.

डेवरी गांव में रहने वाले बुद्धिराम निषाद पुत्र कोमल निषाद ने अपना दर्द बयां किया. कहा कि उसकी शादी 21 साल पहले फूलमती के साथ हुई थी. उसे भी प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था. इस शादी के बाद उन्हें पांच बच्चे भी हुए. बावजूद इसके, उसकी पत्नी का दिल गांव के ही युवक अवधेश पुत्र रंगलाल पर आ गया. पहले दोनों छिप-छिपकर मिलते थे, बाद में खुलेआम मिलने लगे. यहां तक कि करीब दो महीने पहले उसकी पत्नी फूलमती पति और पांचों बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ भाग गई थी.

फिर पति ने ही निकाला रास्ता

इसके बाद परिवार के लोगों समझाने-बुझाने पर दोनों गांव लौटे. इसके बाद पति-पत्नी में आए दिन झगड़े होने लगे. उसकी पत्नी अक्सर मेरठ के नीले ड्रम वाली कहानी सुनाने लगी. ऐसे में बुद्धिराम ने भी बीच का रास्ता निकाला और रोज-रोज के कलह को खत्म करने के लिए उसने परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में अशरफपुर स्थित शिव मंदिर में अपनी पत्नी फूलमती की शादी उसके प्रेमी अवधेश से करा दी. इसके बाद मंदिर से ही दोनों को हंसी-खुशी विदा भी कर दिया.

फिर बोला पति- “मुझे ड्रम में बंद नहीं होना”

इस अनोखी शादी की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है. इस फैसले पर बुद्धिराम का कहना है कि “मुझे ड्रम में पैक नहीं होना, अभी मुझे जीना है.” कहा कि 21 साल पहले उसने भी लव मैरिज की थी, लेकिन अब पत्नी को किसी और से प्यार हो गया है. वह उसे और उसके बच्चों का मोह छोड़कर अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है. ऐसे में अब उसकी खुशी में ही मेरी खुशी है. यही सोचकर उसने खुद मंदिर में दोनों की शादी कराई है.

Follow Us