संतकबीरनगर: घर के पास थूकने पर जानलेवा हमला, मड़पौना के प्रधान समेत 4 भाई गिरफ्तार
संतकबीरनगर के मड़पौना गांव में मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया, जिसके बाद धनघटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. वर्तमान प्रधान और उनके तीन भाइयों को गिरफ्तार किया गया है. उन पर पूर्व प्रधान के घर में घुसकर हमला करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है. पुलिस की इस कार्रवाई से गांव में हड़कंप है.
संतकबीर नगर के धनघटा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद और वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुआ बवाल अब बड़ा रूप ले चुका है. मामले में तत्परता दिखाते हुए धनघटा पुलिस ने पूर्व प्रधान कमलचंद की तहरीर पर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मामल में मड़पौना गांव के वर्तमान प्रधान कुलदीप चौहान समेत उनके तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के अनुसार, मड़पौना गांव में पूर्व और वर्तमान प्रधान के बीच वर्चस्व की जंग में विवाद इस कदर बढ़ा कि बात मारपीट तक पहुंच गई. पूर्व प्रधान कमलचंद का आरोप है कि वर्तमान प्रधान कुलदीप चौहान ने अपने तीन भाइयों सचिन चौहान, राज चौहान, शत्रुघ्न चौहान और 4 अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उनके घर में घुसकर हमला किया.
घर के पास खांसकर थूकने की वजह से विवाद
यह पूरा विवाद पूर्व प्रधान कमलचंद चौहान के बेटे द्वारा घर के पास खांसकर थूकने की वजह से शुरू हुआ था. वर्तमान प्रधान कुलदीप चौहान को यह बात इतनी नागवार गुजरी. उन्होंने पहले युवक की पिटाई की और फिर अपने अन्य साथियों के साथ पूर्व प्रधान के घर पर धावा बोल दिया. इस हमले में पूर्व प्रधान के बुजुर्ग पिता और बड़े भाई समेत पांच लोग घायल हो गए.
पूर्व प्रधान का आरोप है कि इस दौरान न सिर्फ अभद्रता की गई, बल्कि संपत्ति को भी काफी नुकसान पहुंचाया गया. पीड़ित की तहरीर पर धनघटा पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपियों के खिलाफ BNS की गंभीर धाराओं 115(2), 119(2), 324(2), 333 और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया
धनघटा थाना प्रभारी के मुताबिक, चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. वारदात में शामिल अन्य 4 अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. उन्हें भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा. फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.