7 फेरों से पहले दुल्हन की पड़ी दूल्हे पर नजर, चिल्लाकर बोली- ये तो मेरे साथ… बैरंग लौटी बारात

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक शादी में उस वक्त बवाल मच गया जब दुल्हन ने मंडप में दूल्हे को देखते ही शादी से इनकार कर दिया. दुल्हन का आरोप था कि उसे दिखाया कोई और लड़का था और शादी करने दूसरा आ गया. दुल्हन ने दूल्हे को दिव्यांग बता कर हंगामा कर दिया. इसके बाद पूरी रात पंचायत हुई, लेकिन बात नहीं बनी. आखिर में बिना दुल्हन के ही बारात बैरंग लौट गई.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा बवाल हो गया. मंडप में दूल्हे को देखते ही दुल्हन भड़क गई. बोली कि लड़के वालों ने जिसे दिखाया था, वो कोई और था और ये कोई और. दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया और मंडप से उठकर चली गई. इस बात पर दोनों पक्षों में पूरी रात हंगामा चला. आखिर तक बात नहीं नहीं बनी तो बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई. मामला शाहजहांपुर में बंडा थाना क्षेत्र के एक गांव का है. हालांकि इस संबंध में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है.

जानकारी के मुताबिक यहां एक गांव में रहने वाली युवती की शादी पड़ोसी गांव अल्हादादपुर में रहने वाले युवक से तय हुई थी. शादी का डेट रखने से पहले लड़के और लड़की ने एक दूसरे को देखा और फिर सहमति बनने के बाद शादी के लिए शनिवार की तिथि तय हुई. नियत समय पर धूमधाम से बैंड-बाजे के साथ बारात भी लड़की के घर पहुंच गई. इसके बाद द्वाराचार समेत शुरुआती रस्में हुईं. इस दौरान बारातियों का भोजन भी शुरू कर दिया गया.

मंडप में दूल्हे को देखते ही भड़की दुल्हन

द्वाराचार के बाद आधे बाराती भोजन कर वापस लौट गए. वहीं मंडप में होने वाली रस्मों को लिए पहले दुल्हन को लाया गया. इसके बाद लड़के वालों ने दूल्हे को भी लाकर मंडप में बैठाने की कोशिश की. इसी दौरान दुल्हन की नजर दूल्हे पर पड़ी और उसने उसे लंगड़ाते देख लिया. इसके बाद लड़की भड़क गई. धोखा-धोखा चिल्लाते हुए वह खड़ी हो गई. कहा कि जिसे दिखाया था, वो लड़का कोई और था और ये कोई और. यह सुनते ही मंडप में हड़कंप मच गया.

ऐसे खुला मामला

दरअसल मंडप में आने पर दूल्हे को दुल्हन के पास पटे पर बैठाने का प्रयास किया गया. इसी दौरान दूल्हा लड़खड़ा कर गिर पड़ा. फिर काफी कोशिश के बाद भी वह खड़ा नहीं हो पाया. यह देखकर दुल्हन ने उसके ऊपर दिव्यांग होने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया. दुल्हन ने कहा कि शादी तय करते वक्त जिस लड़के को दिखाया गया था, वो कोई और था. यहां बारात में लड़का बदल दिया गया है. दुल्हन पक्ष ने इसे धोखाधड़ी बताया है.

पूरी रात चली पंचायत

बवाल बढ़ने पर दूल्हा पक्ष के लोग बचाव की मुद्रा में आ गए. उन्होंने दुल्हन पक्ष को समझाने की काफी कोशिश की. दोनों पक्षों के वरिष्ठ लोगों को बैठाकर पंचायत कराई गई. पूरी रात चली इस पंचायत के बाद भी दुल्हन ने फैसला बदलने से इनकार कर दिया. ऐसे में सुबह होने से पहले बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई. इस संबंध में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि इस घटना की कोई जानकारी उन्हें नहीं दी गई है. यदि शिकायत मिलती है तो पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी.

Follow Us