क्या PAK में रची गई गाजियाबाद दहलाने की साजिश? पुलिस को मिले शहजाद भट्ठी से जुड़े इनपुट, बढ़ाई सुरक्षा
गाजियाबाद पुलिस चौकी पर हुए बम धमाके में पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्ठी का नाम सामने आया है. सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि यह धमाका दिवाली से पहले दिल्ली तक दहशत फैलाने की साजिश का हिस्सा था.पुलिस व केंद्रीय एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की पुलिस चौकी में बम धमाके को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ा इनपुट मिला है. बताया जा रहा है कि इस इनपुट से पूरा मामला पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्ठी से कनेक्ट हो रहा है. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इस धमाके की साजिश भी शहजाद भट्ठी ने पाकिस्तानी आतंकियों के इशारे पर रची हो. इस इनपुट के आधार पर गाजियाबाद पुलिस के अलावा केंद्रीय जांच एजेंसियों ने छानबीन शुरू कर दी है.
मामले की जांच से जुड़े पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पुलिस चौकी पर बम श्रीराम सेतु से फेंका गया था. यह बम काफी छोटा था, लेकिन इसकी तीव्रता काफी ज्यादा थी. माना जा रहा है कि इस बम से पुलिस चौकी को उड़ाने की योजना थी, लेकिन लाइन लेंथ ठीक नहीं होने की वजह से यह बम चौकी के ऊपर गिरने के बजाय बाहरी दीवार पर गिरा. इससे कोई विशेष जनहानि नहीं हुई.
दिवाली से पहले दहशत फैलाने की साजिश
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आतंकियों ने यह धमाका कर दिवाली से पहले गाजियाबाद को दहलाने की साजिश रची थी. लेकिन इसका संदेश तक दिल्ली तक देने की योजना थी. इसके लिए आतंकियों ने अपने गुर्गों के जरिए श्रीराम सेतु के ऊपर से पुलिस चौकी पर बम फिंकवाया.इस बम की चपेट में आने से चौकी में बैठे एक दरोगा और उन्हें खाना डिलीवर करने आया एक डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से जख्मी हो गया. वहीं चौकी की दीवारों में दरारें आ गईं. एक दीवार तिरछी भी हो गई है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस घटना को करीब 36 घंटे से भी अधिक हो चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंची है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक अभी इस धमाके की कड़ियों को ही खोजा और जोड़ा जा रहा है. इसके लिए पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है. फोरेंसिक टीमें और बम निरोधक दस्ता भी अपने स्तर पर जांच कर रहा है. वहीं साइबर सेल की टीम सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजीटल एविडेंस खंगालने में जुटी है.
गाजियाबाद में बढ़ाई सुरक्षा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच हर संभावित एंगल से हो रही है. वारदात से जुड़े हरेक इनपुट का सत्यापन किया जा रहा है. जिले में और आसपास के इलाकों में गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क भी खंगाले जा रहे हैं. इसी के साथ किसी अन्य घटना को रोकने के लिए जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. खासतौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों में 24 ऑवर इलेक्ट्रानिक और मैन्युअल सर्विलांस एक्टिव कर दिए गए हैं.
