जब पति करता पिटाई, आंसू पोछता था BF; किचकिच से तंग आकर कातिल बनी बीवी

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक महिला ने अपने प्रेमी नियाज़ और दो अन्य के साथ मिलकर पति हरिश्चंद्र की हत्या कर दी. पति की मारपीट और अवैध संबंध इस वारदात की वजह बने. पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. नियाज़ ने एक लाख की सुपारी लेकर हरिश्चंद्र की जान ली थी.

फाइल फोटो Image Credit:

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर की पुलिस ने अपने ही पति की हत्या के आरोप में एक महिला को अरेस्ट किया है. इस महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर ना केवल पति की हत्या की, बल्कि रातोंरात शव को ठिकाने भी लगा दिया. मामला सिर्द्धाथनगर के ढेबरुआ थाना क्षेत्र का है. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने इस कातिल बीवी, उसके बॉयफ्रेंड और दो अन्य लोगों को अरेस्ट किया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को एसएसपी सिद्धार्थ नगर अभिषेक महाजन ने प्रेस कांफ्रेंस कर वारदात का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि मृतक हरिश्चंद्र की पत्नी माया देवी ने अपने प्रेमी नियाज़ के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस की पूछताछ में दोनों ने वारदात को कबूल करते हुए निशानदेही कराई है. पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से इन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

30 अगस्त की है वारदात

पुलिस के मुताबिक सिद्धार्थनगर में इटवा थाना क्षेत्र के कपियवा गांव निवासी हरिश्चंद्र का शव ढेबरुआ थाना क्षेत्र में राप्ती नदी के मुहचुरवा घाट के पास 30 अगस्त को बरामद हुआ था. मृतक हरिश्चंद्र का ई-रिक्शा भी वहीं पास में सड़क के किनारे खड़ा मिला था. यह एक ब्लाइंड मर्डर केस था, लेकिन जब पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की तो वारदात की सारी परतें खुलती चली गईं. पुलिस ने संदेह के आधार पर हरिश्चंद्र की पत्नी माया देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपनी प्रेम कहानी बयां कर दी.

पति पर मारपीट का आरोप

हत्यारोपी बीवी माया ने बताया कि उसका पति अक्सर शराब के नशे में धुत होकर मारपीट करता थ. ऐसे समय में उसका प्रेमी नियाज उसे संभालता था. महिला ने बताया कि नियाज के साथ उसके अवैध संबंध थे. माया देवी की ही पहचान पर पुलिस ने नियाज को अरेस्ट किया और फिर नियाज से हुई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके दोनों साथियों इरशाद व अब्दुल्ला को अरेस्ट किया है. पुलिस ने इनके पास से एक चाकू, छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

एक लाख की सुपारी

नियाज अहमद ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि माया के कहने पर उसने हरिश्चंद्र की हत्या की प्लानिंग की. फिर इरशाद और अब्दुल्ला को एक लाख की सुपारी दी. इसमें से 60 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दे दिए थे. वारदात के खुलासे पर कप्तान ने पुलिस टीम को 20 हजार का पुरस्कार दिया है. उन्होंने बताया कि बाद में जरूरत के हिसाब से इन चारों हत्यारोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी.

Follow Us