आखिर क्यों बिफरे MLA विनय वर्मा? मंच पर ही CDO की लगा दी क्लास; वीडियो वायरल

सिद्धार्थनगर में शोहरतगढ़ विधानसभा से विधायक विनय वर्मा का एक वीडियो खुब वायरल हो रहा है. भाजपा के सहयोगी दल अपना दल के विधायक विनय वर्मा मंच पर ही सीडीओ की क्लास लगाते नजर आ रहे हैं. वायरल वीडियो रतन सेन डिग्री कॉलेज बांसी की बताई जा रही है, जहां सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन हो रहा था.

विधायक विनय वर्मा ने CDO को लगाई फटकार Image Credit:

उत्तर प्रदेश सरकार में बीजेपी की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के विधायक विनय वर्मा का एक वीडियो वायरल है. इसमें वह मंच पर सीडीओ सिद्धार्थनगर बलराम सिंह को फटकार लगाते नजर आ रहे हैं. दरअसल, शोहरतगढ़ से विधायक विनय वर्मा अपने विधानसभा क्षेत्र में ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह’ कार्यक्रम न होने पर आक्रोश में आ गए थे.

विधायक विनय वर्मा का ये वीडियो रविवार का बताया जा रहा है. वह बांसी डुमरियागंज में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पहुंचे थे. विधायक की शिकायत है कि उनके विधानसभा में सामूहिक विवाह कार्यक्रम क्यों नहीं आयोजित किया जाता है. वह इसको लेकर मंच पर ही सीडीओ सिद्धार्थनगर को क्लास लगाते कह रहे हैं कि ‘क्या हम लोग मजबूत विधायक नहीं हैं.’

‘मेरी जनता पूछेगी तो मैं उसको क्या जवाब दूंगा’

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि विधायक विनय वर्मा मंच पर सीडीओ बलराम सिंह को बुलाते हैं और उनसे कहते हैं कि हम लोग विधायक हैं. यह कार्यक्रम हमारे विधानसभा में भी होना चाहिए था. लेकिन आपने पूछा तक नहीं आपका कहां ध्यान रहता है. मुख्यमंत्री जी सभी समाज के लोगों को लेकर चल रहे हैं तो सारे समाज का सम्मान होना चाहिए.

वह आगे कहते नजर आ रहे है कि, ‘मेरी जनता मुझे पूछेगी तो मैं उसको क्या जवाब दूं. यह कार्यक्रम अगर मेरे विधानसभा में होता तो मेरी ताकत बढ़ती.’ वायरल वीडियो में विधायक यह भी कह रहे हैं कि या तो जिला मुख्यालय पर एक कार्यक्रम होता नहीं तो यह कार्यक्रम सभी विधानसभाओं में होना चाहिए था. उन्होंने जिलाधिकारी और सीडीओ से जवाब मांगा है.

‘मैं नाराज नहीं हूं लेकिन मुझे दुख है कि…’

वायरल वीडियो रविवार को रतन सेन डिग्री कॉलेज बांसी में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का है. जिसमें शोहरतगढ़ विधानसभा की भी शादियां संपन्न कराई गई. वही जब इस मामले में विधायक विनय वर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि, ‘मैं नाराज नहीं हूं लेकिन मुझे दुख है कि कार्यक्रम दो विधानसभा में की गई तो मेरे क्षेत्र में क्यों नहीं किया गया.