भेड़ों के ऊपर मौत बनकर दौड़ा ट्रक, 150 की गई जान; सिद्धार्थनगर में खौफनाक हादसा
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर चल रही 150 से अधिक भेड़ों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस खौफनाक हादसे में 100 से ज्यादा भेड़ें घायल भी हुई हैं. हादसे के बाद हरकत में आई पुलिस ने नाकाबंदी कर फरार ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. इधर, भेड़ मालिक ने लाखों के नुकसान का आकलन कर प्रशासन से मुआवजे की मांग की है.
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में शुक्रवार की शाम को खौफनाक घटना हुई. जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र में ढेबरुआ-शोहरतगढ़ मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर चल रहे भेड़ों के झुंड को रौंद डाला. इस हादसे में 150 से अधिक भेड़ों की मौत हो गई है. वहीं 100 से अधिक भेड़ें गंभीर रूप से घायल हैं. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए चालक को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह हादसा शाम करीब 6 बजे का है.
भेड़ों का मालिक ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि वह अपने साथ पालतू भेड़ों को लेकर सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक आया और बिना ब्रेक लगाए उसकी भेंडों को रौंदते हुए आगे निकल गया. पीड़ित भेड़ मालिक के मुताबिक इस हादसे में 150 भेड़े तो ट्रक के नीचे आकर मर गई. वहीं हादसे की वजह से भेड़ों में मची भगदड़ की वजह से 100 से अधिक घायल हो गईं. इस दौरान भेड़ों के साथ चल रहे लोग भी घायल हो गए हैं.
नाकाबंदी में पकड़ा गया ड्राइवर
हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर उसी स्पीड में गाड़ी को भगाते हुए फरार हो गया. हालांकि सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने जिले भर में अलर्ट जारी कर दिया. ऐसे में शोहरतगढ़ पुलिस ने नाकाबंदी करते हुए इस ट्रक को रोक लिया और ट्रक चालक को अरेस्ट कर ढेबरूआ लाया गया है. पुलिस के मुताबिक इस हादसे को अंजाम देकर भागते समय ट्रक चालक ने रास्ते में एक मैजिक वाहन को भी टक्कर मार दी. इस में यह लोडर गाड़ी बुरी तरह से क्षतिगस्त हो गई है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक आरोपी ट्रक चालक को अरेस्ट कर लिया गया है. ट्रक भी जब्त किया गया है. अब पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. उधर, भेड़ मालिक ने इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है. साथ ही प्रशासन और शासन से इस हादसे में हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग की है. पुलिस के मुताबिक इस मामले में जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी.