भ्रष्टाचार की शिकायत पर मिली खौफनाक सजा, ग्राम प्रधान ने पीट-पीटकर ले ली युवक की जान; मचा हड़कंप

सुल्तानपुर में ग्राम प्रधान के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत करने पर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. शिकायतकर्ता जसवंत सिंह को ग्राम प्रधान और उनके साथियों ने बेरहमी से पीटा, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है. यह घटना यूपी के भिटौरा गांव की है, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है.

सुल्तानपुर अस्पताल Image Credit:

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक ग्राम प्रधान के खिलाफ अनियमितता और भ्रष्टाचार की शिकायत करना गांव के ही एक युवक को मंहगा पड़ गया. मंगलवार की देर शाम ग्राम प्रधान और उसके साथियों ने युवक को घेर लिया. इसके बाद आरोपियों ने जमकर पिटाई की. आनन फानन में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.

मामला सुल्तानपुर में शिवगढ़ थानाक्षेत्र के भिटौरा गांव का है. पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाले बलवंत सिंह के भाई जसवंत सिंह मंगलवार की शाम शिवगढ़ बाजार से सब्जी लेकर लौट रहे थे. बीच रास्ते में ग्राम प्रधान और उनके समर्थकों ने जसवंत को घेर लिया और लाठी डंडों से जमकर मारपीट की. इस वारदात में जसवंत सिंह बुरी तरह जख्मी हो गए. जानकारी होने पर परिजनों ने तुरंत उन्हें लंभुआ सीएचसी ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचयार के बाद उन्हें सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.

इलाज के दौरान हुई मौत

मेडिकल कॉलेज में ही इलाज के दौरान बुधवार की सुबह जसवंत की मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल से ही शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस ने इस संबंध में जसवंत के भाई बलवंत सिंह के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है. बलवतं ने बताया कि ग्राम प्रधान ने गांव में हुए विकास कार्यों में भारी गड़बड़ी की है. इस संबंध में उनके भाई ने शिकायत की थी. इसके बाद इन सभी कार्यों की जांच शुरू हो गई है. इससे नाराज प्रधान ने उसके भाई की हत्या की है.

एक्शन में आई पुलिस

पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एएसपी सुल्तानपुर ब्रिज नारायण सिंह के मुताबिक यह पुरानी रंजिश का मामला है. उन्होंने बताया कि तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है. वहीं आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है. फिलहाल सभी आरोपी भूमिगत हो गए हैं

Follow Us