अवधी सिंगर संजय यदुवंशी को एनकाउंटर का डर! रात में दीवार फांदकर घुसी पुलिस, वीडियो वायरल

अवधी सिंगर संजय यदुवंशी को एनकाउंटर का डर सता रहा है. उनके घर में रात में पुलिस के दीवार फांदकर घुसने का वीडियो वायरल हुआ है. पुलिस उन पर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप लगा रही है, जबकि उनके पिता का कहना है कि पुलिस बिना सूचना के घर में घुसी और बेटे को मुठभेड़ में फंसाने की साजिश रच रही है.

संजय यदुवंशी के घर में घुसी पुलिस

मारपीट और जानलेवा हमले के आरोप में फरार चल रहे अवधी सिंगर संजय यदुवंशी को अब एनकाउंटर का डर सता रहा है. सिंगर संजय यदुवंशी सुल्तानपुर के धम्मौर थाना क्षेत्र के उघड़पुर अहिरन का पुरवा में रहते हैं. उनके घर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें रात के अंधेरे में पुलिस दीवार फांदकर उनके घर में घुस रही है. यह वीडियो खुद संजय यदुवंशी के पिता ने बनाई है. इसमें वह एनकाउंटर की आशंका जता रहे हैं.

वीडियो में संजय के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों को पुलिस ने खारिज किया है. पुलिस के मुताबिक संजय यदुवंशी के खिलाफ कोतवाली नगर थाने में एक मुकदमा दर्ज है. इसमें वादी जफरुल हसन ने अपने पुत्र शबीब रजा के साथ मारपीट तथा जानलेवा हमला का आरोप लगाया है. इस मामले की विवेचना जारी है और इसमें संजय यदुवंशी फरार चल रहे हैं. मामले की विवेचना के लिए उनसे पूछताछ जारी है. इसलिए पुलिस उनकी तलाश कर रही है. इसी क्रम में पुलिस उनके घर दबिश के लिए पहुंची थी.

पिता को क्यों लग रहा एनकाउंटर का डर?

वायरल वीडियो में संजय यदुवंशी के पिता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि पुलिस रात के अंधेरे में दीवार फांदकर घर में घुसी और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया. उन्होंने कहा कि किसी मुकदमे में उनके बेटे को ना तो कोई नोटिस मिला है और ना ही पूछताछ के लिए बुलाया गया है. ऐसे में जिस प्रकार से पुलिस उनके घर में घुसी है, इससे उन्हें अपने बेटे के एनकाउंटर का डर सताने लगा है. हालांकि सीओ लम्बुआ ऋतिक कपूर ने उनके आरोपों को खारिज किया है.

क्या कहती है पुलिस?

सोशल मीडिया में वायरल हो रहे संजय यदुवंशी के पिता के वीडियो पर सीओ लम्बुआ ऋतिक कपूर ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया वायरल वीडियो धम्मौर थाना क्षेत्र में रहने वाले संजय यदुवंशी के पिता ने खुद बनाया है. इसमें उन्होंने बेबुनियाद आरोप लगाए हैं. पुलिस को संजय यदुवंशी की तलाश है, इसलिए पुलिस दबिश देने पहुंची थी. उधर, संजय यदुवंशी के पिता ने अपने बेटों को बेगुनाह बताते हुए पुलिस पर एनकाउंटर करने की साजिश का अरोप लगा रहे हैं.

Follow Us