‘हिंदू गुर्जर से शादी कर लेंगी तो…’, सांसद इकरा हसन पर स्वामी राम विशाल दास के बिगड़े बोल
कैराना सांसद इकरा हसन पर स्वामी राम विशाल दास महाराज ने एक बार फिर से आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिसने विवाद खड़ा कर दिया है. शामली में एक सम्मेलन के दौरान उन्होंने यह विवादित बयान दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसका सपा और कांग्रेस ने घोर निंदा की है.
हिंदू रक्षा दल के नेता राम विशाल दास महाराज ने एक बार फिर से कैराना सांसद इकरा हसन पर आपत्तिजनक बयान दिया है. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस नेताओं ने इसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताते हुए निंदा की है. यह घटना राजनीतिक गलियारों में गरमा गई है, जिससे आपसी सौहार्द बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है.
राम विशाल दास महाराज ने सार्वजनिक मंच से सपा सांसद को लेकर विवादित टिप्पणी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल है. इसमें वह कहते नजर आ रहे हैं कि ‘हिंदू गुर्जर से शादी कर लेगी तो तीन तलाक और हलाला से बच जाएगी.’ यह वीडियो शामली के कंडेला गांव का है, जहां राम विशाल दास विराट हिंदू सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे थे.
राम विशाल दास ने इससे पहले भी ‘आतंकवादी’ कहा था
वायरल हो रहे करीब 51 सेकंड के वीडियो में स्वामी राम विशाल दास महाराज कहते हैं कि ‘जब सांसद इकरा हसन हिंदू गुर्जरों के बीच वोट मांगने पहुंची थीं तो उन्होंने खुद को गुर्जर बताते हुए समर्थन मांगा था. हिंदू गुर्जर से शादी कर लेगी तो तीन तलाक और हलाला से बच जाएगी.’ सार्वजनिक मंच से दिए गए विवादित टिप्पणी पर हंगामा मच गया.
वीडियो वायरल होने के बाद स्वामी राम विशाल दास को सोशल मीडिया पर ट्रोल भी किया जा रहा है. राम विशाल दास ने इससे पहले भी सहारनपुर में मंदिर तोड़ने के मुद्दे पर सांसद को ‘मुल्ली और आतंकवादी’ कहा था. इकरा हसन ने भी इसपर अपनी नाराजगी जताई थीं. वहीं, फिर से दिए गए विवादित बयान को लेकर हंगामा मचा है.
सपा और कांग्रेस नेताओं ने बयान की कड़ी निंदी की
समाजवादी पार्टी नेता चौधरी अब्दुल गफूर ने कहा कि सनातन धर्म और इस्लाम, दोनों ही धर्मों में महिलाओं का हमेशा सम्मान होता आया है, लेकिन इस तरह के बयान महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाते हैं. वहीं कांग्रेस नेता गणेश दत्त शर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ तथाकथित संत बीजेपी और आरएसएस के एजेंडे पर काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मेलन कर आपसी भाईचारे को खराब किया जा रहा है और महिलाओं के लिए भी आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया जा रहा है. रामविशाल दास हरिद्वार के है और सोशल मीडिया पर उनके Bio में उन्हें पीठाधीश्वर विश्व सनातन महापीठ और अध्यक्ष तीर्थ सेवा न्यास लिखा गया है इसके अलावा वो गौरी शंकर गौशाला के स्वामी भी है
