आधी रात वाराणसी में चली तड़ातड़ गोलियां, एनकाउंटर में मारा गया 1 लाख रुपये का इनामी बदमाश बनारसी यादव
वाराणसी पुलिस और एसटीएफ ने बनारसी यादव तलाश में कई टीमें लगाई थीं. इस बीच उसकी लोकेशन चौबेपुर थाना क्षेत्र के बारियासनपुर रिंग रोड पर मिली. एसटीएफ की टीम ने उसे घेर लिया. बनारसी यादव को सरेंडर करने को कहा गया तो उल्टे उसने पुलिस पर ही फायर झोंक दिया. ऐसे में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 1 लाख इनामी बदमाश बनारसी यादव मार गिराया गया.
एसटीएफ वाराणसी को बड़ी सफलता मिली है. सारनाथ में कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या का आरोपी और एक लाख के इनामी बदमाश को एनकाउंटर में मार गिराया गया है. उसपर सोनभद्र, गाज़ीपुर और बनारस सहित कई जिलों में हत्या – लूट समेत अन्य अपराध में 21 मुकदमे दर्ज थे.
वाराणसी पुलिस और एसटीएफ ने बनारसी यादव तलाश में कई टीमें लगाई थीं. मंगलवार यानी 03 फरवरी की देर रात चौबेपुर थाना क्षेत्र के बारियासनपुर रिंग रोड पर एसटीएफ की टीम ने उसे घेर लिया. पुलिस ने बनारसी यादव को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उल्टा उसने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी.
जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से हुई मौत
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे कई गोलियां लगीं. घायल हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौके से दो पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए. बता दें कि 21 अगस्त 2025 की सुबह वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र की अरिहंत नगर कॉलोनी फेज-2 में बाइक सवार तीन बदमाशों ने कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम को निशाना बनाया था.
महेंद्र गौतम हत्याकांड का मेन शूटर था बनारसी
महेंद्र गौतम एक सफल व्यवसायी थे. इनका जमीन और प्रॉपर्टी से जुड़े विवाद लंबे समय से चल रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक 50 करोड़ रुपये की 40 बिस्वा जमीन के विवाद में महेंद्र गौतम की हत्या के लिए मुंबई से शूटर हायर किए गए थे, लेकिन मुख्य शूटर बनारसी यादव ही था. उसके अरविंद यादव उर्फ फौजी (कल्लू) और विशाल भी था. विशाल बाइक चला रहा था जबकि बनारसी और अरविंद ने महेंद्र ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थी.
बनारसी यादव को मिली थी 5 लाख रुपये की सुपारी
मुंबई में रहने वाले गाजीपुर के रामपुर ढकवां (खानपुर) निवासी बिल्डर एवं प्रापर्टी डीलर जोगेंद्र यादव उर्फ फैटू ने कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या के लिए बनारसी यादव को 5 लाख की सुपारी दी थी. हत्या के इस साजिश में सिंहपुर (सारनाथ) निवासी संपूर्णानंद शुक्ला उर्फ चंदन शुक्ला, सिंहपुर का पूर्व प्रधान श्यामप्रकाश राजभर उर्फ रेखा प्रधान भी शामिल थे. इन्हें पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
