मथुरा के बाद अब औरेया में भी दर्दनाक हादसा, नहर में जा गिरी कार, महिला समेत तीन की मौत
मथुरा के बाद अब औरेया में भी एक दर्दनाक हादसा हो गया है. मथुरा की ही तरह यहां भी एक कार नहर में जा गिरी. इस हादसे में एक महिला समेत 3 की मौत हो गई.
औरैया के अछल्दा थाना के तुरुकपुर गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी. कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं.
इटावा की तरफ जा रही थी कार
कार सवार दिबियापुर की ओर से इटावा की तरफ जा रहे थें. इसी दौरान अछल्दा थाना क्षेत्र के तुरुकपुर गांव के समीप अचानक कार अनियंत्रित होकर सीधे नहर में पलट गई. नहर में कार को डूबता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद भी बचाव कार्य में जुट गए.
कार को नहर से निकाला गया बाहर
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अछल्दा पी. पुनीत मिश्रा और थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकलवाया. फिर अंदर फंसे लोगों को किसी तरह से बाहर निकाला, लेकिन तब तक कार के अंदर मौजूद तीनों की डूबने से मौत हो चुकी थी.
मृतकों की शिनाख्त की जा रही है
अछल्दा थाना प्रभारी पंकज मिश्रा के अनुसार मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है. फिलहाल, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होना हादसे की वजह माना जा रहा है. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
मथुरा में भी भीषण सड़क हादसा
उधर मथुरा में भी एक भीषण सड़क हादसा हो गया है. डींग गोवर्धन बाईपास के देरिया नगला मोड़ के पास एक कार नहर में गिर गई. गाड़ी में सवार चार लोगों की मौके पर मौत हो गई. सूचना पाकर मौके पर पहुंची ने क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला. पुलिस ने चारों युवकों की शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
