सगी बहनों ने सिलेंडर के अंदर छिपाया था ड्रग मनी और स्मैक, ऐसे पकड़ी गईं
पुलिस ने दो सगी बहनों के पास से कुल 111.54 ग्राम स्मैक और 88,950 रुपये की ड्रग मनी जब्त की है. शहर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया. फिर जेल भेज दिया है.
बिजनौर कोतवाली पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चांदपुर चुंगी स्थित मोहल्ला मिर्दगान की बिलाल मस्जिद के पास एक घर में छापा मारकर स्मैक का धंधा करने वाली दो सगी बहनों को रंगे हाथों दबोच लिया.पकड़ी गई बहनों की पहचान रहनुमा उर्फ नूरी और तबस्सुम के रूप में हुई है, जो इलाके में लंबे समय से स्मैक की पुड़िया बेचने का अवैध कारोबार चला रही थीं. चार सौ रूपये में एक पुडिया स्मैक बेचती थी.
शहर कोतवाल अमर सिंह राठौर ने बताया दोनों बहनें बेहद शातिराना अंदाज में इस धंधे को अंजाम दे रही थीं. जब पुलिस ने उनके घर पर छापेमारी की, तो स्मैक और ड्रग मनी ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. गहन तलाशी के दौरान पुलिस की नजर घर में रखे एक गैस सिलेंडर पर पड़ी. जब उसे चेक किया गया, तो पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए. बहनों ने स्मैक के पैकेट और नशे की कमाई के करीब 89 हजार रुपये नगद उसी सिलेंडर के भीतर छिपाकर रखे थे.
एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजा
पुलिस ने दोनों महिला तस्करों के पास से कुल 111.54 ग्राम स्मैक और 88,950 रुपये की ड्रग मनी जब्त की है. शहर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.
भाई भी करता था नशे का अवैध कारोबार
स्थानीय निवासियों के अनुसार, इन दोनों बहनों के कारण क्षेत्र के कई युवा नशे की लत का शिकार हो रहे थे. इनका भाई भी स्मैक कारोबारी रहा है. अब वह एड्स से जूझ रहा है. जब वह बीमार हुआ तो दोनों बहने इस अवैध धंधे में लिप्त हो गईं. बिजनौर पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन बहनों को स्मैक की सप्लाई कहां से होती थी. इस पूरे सिंडिकेट में कौन-कौन से बड़े तस्कर शामिल हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
