यूपी में अग्निवीर भर्ती का शेड्यूल जारी, इन 6 जिलों में लगेंगी रैलियां; 17 अगस्त से होगा आगाज
उत्तर प्रदेश में अग्निवीर भर्ती रैलियों का शेड्यूल जारी हो गया है. यह भर्ती रैलियां वाराणसी, आगरा और मेरठ समेत 6 जिलों में आयोजित होंगी. इसका आगाज इसी महीने 17 अगस्त से मेरठ से शुरू होगी. यह यूपी की तीसरी अग्निवीर भर्ती है. मुख्य सचिव ने इसको लेकर समीक्षा बैठक की है.
उत्तर प्रदेश में भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. प्रदेश में अग्निवीर भर्ती रैलियों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. भर्ती अभियान की शुरुआत 17 अगस्त से मेरठ में होगी. मेरठ के बाद अन्य पांच जिलों जैसे बरेली, लखनऊ, वाराणसी, आगरा और अयोध्या में भी अलग-अलग भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा.
अग्निवीर भर्ती की तैयारियों को लेकर सोमवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें संबंधित विभागों और जिला प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भर्ती स्थलों पर अभ्यर्थियों के ठहरने की सुविधा, सुरक्षा और यातायात की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं.
17 अगस्त से मेरठ में शुरू होगा भर्ती अभियान
जारी कार्यक्रम के मुताबिक, मेरठ में 17 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली होगी. इसके बाद बरेली में 14 से 30 सितंबर तक भर्ती प्रक्रिया चलेगी. लखनऊ में 11 से 28 जनवरी 2027, वाराणसी में 2 से 27 फरवरी, आगरा में 4 से 24 मार्च और अयोध्या में 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027 तक भर्ती रैली आयोजित की जाएगी.
यह यूपी में आयोजित तीसरी अग्निवीर भर्ती रैली
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को भर्ती स्थलों पर आवागमन, ठहरने, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. भीड़ प्रबंधन के लिए भी पहले से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है. उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए.
यह साल 2022 में योजना शुरू होने के बाद से उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाली तीसरी बड़ी अग्निवीर भर्ती रैली है. इसमें बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. मुख्य सचिव की समिक्षा बैठक में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी और छह जिलों के जिलाधिकारी भी शामिल हुए.