नंदकिशोर गुर्जर का बड़ा दावा- सपा के 28 सांसद BJP के संपर्क में, पार्टी का अंत करीब

लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के 28 सांसद बीजेपी नेताओं के संपर्क में हैं, और सपा का अंत करीब है. उन्होंने राम मंदिर चंदा घोटाले में भी सपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने का आरोप लगाया. गुर्जर ने सवाल किया कि अब अखिलेश यादव SIT जांच से क्यों डर रहे हैं?

बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर (फाइल फोटो)

गाजियाबाद की लोनी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर गुरुवार को केंद्र सरकार के 12 साल बेमिसाल प्रोग्राम में पहुंचे. पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि देश के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी हैं. उनकी नीतियों से देश तेजी से बढ़ रहा है. जो भी सांसद और विधायक बीजेपी में आना चाहता है, वह आ सकते हैं.

विधायक ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी के भी 28 सांसद हमारे नेताओं के संपर्क में हैं. बहुत जल्द समाजवादी पार्टी समाप्त होने जा रही है. पीएम मोदी का जो क्रेज है वो सुभाष चंद्र बोस की तरह है. जैसे पूरे देश के लोग आजाद हिंद फौज में शामिल हुए थे… ऐसे ही अब धीरे-धीरे सांसद और विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं.

‘सपा के लोग राम मंदिर चंदा मामले में शामिल’

लोनी से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने इस दौरान अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने दावा किया कि इसमें भी समाजवादी पार्टी के लोग शामिल हैं, जिन्होंने चंदे में घोटाला किया है और वह बहुत जल्द पकड़ा जाएगा. इनका काम है भगवान राम और राष्ट्रीय के काम में दखल डालना और उनको बदनाम करना.

उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव अब कह रहे हैं कि इसमें SIT की जांच की जरूरत नहीं है. अब क्यों जांच को मना कर रहे हैं. क्योंकि अखिलेश यादव को पता लग चुका है कि उनके लोग इसमें शामिल हैं. बीजेपी नेता ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी खुद इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं. जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

महाराष्ट्र के सांसदों को लेकर क्या कुछ कहा?

नंदकिशोर गुर्जर ने महाराष्ट्र के सांसदों को लेकर पूछे सवाल पर कहा, ‘यह कोई दबाव नहीं है. यह उनकी अपनी निजी राय है और उनकी जनता के लोगों की आवाज है कि वह बीजेपी में शामिल हो जाएं. यूपी के भी सांसद अब पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं, जिस तरीके से पश्चिम बंगाल, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में हो रहा है. इन छोटी पार्टियों का सफाया होने वाला है.

Follow Us