15 दिन, 2.75 करोड़ कॉपियां… रिजल्ट आने से पहले यूपी बोर्ड ने बनाया रिकॉर्ड
यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम 23 अप्रैल को शाम 4 बजे घोषित होगा. परीक्षार्थी इसे परिषद की वेबसाइट और डिजिलॉकर पर देख सकते हैं. यूपी बोर्ड ने रिजल्ट आने से पहले ही 2.75 करोड़ परीक्षार्थियों की कॉपियां के मूल्यांकन महज 15 दिनों में पूरा कर नया रिकॉर्ड बना दिया है.
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने 10वीं और 12वीं रिजल्ट जारी करने की तारीख का ऐलान कर दिया है. रिजल्ट गुरुवार (23 अप्रैल) को शाम 4 बजे परिषद मुख्यालय, प्रयागराज से घोषित किया जाएगा. परीक्षार्थी इसे परिषद की वेबसाइट और डिजिलॉकर पर देख सकते हैं. यूपी बोर्ड ने इस बार कॉपियों का मूल्यांकन 15 दिनों में पूरा कर नया रिकॉर्ड बनाया है.
इस साल बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच प्रदेश के 8033 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराई गईं. 10वीं में लगभग 26.02 लाख और इंटरमीडिएट में 24.91 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे. वहीं, कॉपियों के मूल्यांकन के लिए 254 केंद्रों बनाए गए थे, जहां लगभग 2.75 करोड़ उत्तरपुस्तिकाओं की जांच महज 15 दिन में पूरा किया गया.
1.53 लाख शिक्षकों ने 15 दिन में किया मूल्यांकन
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की ओर से 50 लाख से अधिक छात्रों की कॉपियों को सीसीटीवी और कड़ी सुरक्षा के बीच बहुत कम समय में जांचा गया. कॉपियों का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू होकर 4 अप्रैल तक चला. लगभग 2.75 करोड़ उत्तरपुस्तिकाओं की जांच करने के लिए पूरे प्रदेश में 1.53 लाख अनुभवी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी.
सीएम योगी के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर विशेष जोर दिया गया. सरकार की सख्त निगरानी और प्रभावी व्यवस्थाओं के चलते परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं. परीक्षा से लेकर मूल्यांकन और परिणाम घोषित करने तक की प्रक्रिया में तय समयसीमा का पालन कर नया रिकॉर्ड बना दिया है.
बोर्ड के सचिव की छात्रों-अभिभावकों से ये अपील
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने परीक्षार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि परिणाम के बाद यदि किसी छात्र को अपने अंकों को लेकर संतोष न हो, तो उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है. बोर्ड के द्वारा स्क्रूटनी और कंपार्टमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. साथ ही अभिभावकों से बच्चों का मनोबल बनाए रखने की अपील की है