यूपी में स्मार्ट मीटर शिकायतों का मौके पर समाधान, हर फीडर पर लगेंगे शिविर; CM योगी के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्चस्तरीय बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. स्मार्ट मीटर शिकायतों के निवारण के लिए सभी जिलों में हर फीडर पर शिविर लगेंगे. साथ ही बैठक में होमगार्ड भर्ती परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और पेट्रोलियम उत्पादों की सामान्य आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार देर शाम होमगार्ड स्वयंसेवक भर्ती परीक्षा, स्मार्ट मीटर से जुड़ी व्यवस्थाओं, पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता और प्रदेश की कानून-व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. साथ ही इन विभागों से जुड़े अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए.
स्मार्ट प्रीपेड मीटर शिकायतों का मौके पर समाधान
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्मार्ट मीटर शिकायतों के समाधान के लिए विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया है, जिसकी रिपोर्ट जल्द आने वाली है. इस बीच, सीएम योगी ने सभी जिलों में विद्युत वितरण निगम को फीडर-वार एक सप्ताह के विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया जाए.
सीएम योगी ने साथ ही कहा कि इन शिविरों के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता भी सुनिश्चित की जाए. बता दें कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने से अचानक 5 लाख घरों की बिजली कट गई थी. साथ ही लोगों के सामने अचानक बिजली बिल कई गुना बढ़कर आने की समस्या भी आ रही है. सरकार ने इसके बाद प्रीपेड मीटर लगाने के काम को तत्काल रोक दिया है.
होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें
सीएम योगी ने बैठक में 25, 26 और 27 अप्रैल को प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती परीक्षा पहली बार पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से आयोजित की जा रही है, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी विशेष सतर्कता बरतें.
उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा. सोशल मीडिया पर गहन निगरानी रखी जाए और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो. बैठक में अवगत कराया गया कि प्रदेश के 74 जनपदों में 41,424 होमगार्ड स्वयंसेवक पदों के लिए परीक्षा तीन दिनों में, दो पालियों में आयोजित की जाएगी.
औद्योगिक अशांति फिर से किए जाने की आशंका
मुख्यमंत्री ने बैठक में हाल के दिनों में औद्योगिक अशांति उत्पन्न करने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि यद्यपि वर्तमान में स्थिति सामान्य है, लेकिन आगामी 30 अप्रैल से 02 मई के बीच फिर ऐसे प्रयास किए जाने की आशंका है. प्रदेश में औद्योगिक अशांति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी और ऐसी कुत्सित कोशिशों को सख्ती से विफल किया जाए.
साथ ही कहा कि कुछ जनपदों से ऐसे संकेत प्राप्त हुए हैं, जहां अराजक तत्वों द्वारा जातीय तनाव/संघर्ष भड़काने का प्रयास किया जा रहा है. सभी अधिकारी अत्यंत सतर्क रहें और किसी भी स्थिति के उत्पन्न होने से पूर्व ही प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें. इसके अलावा, गर्मी को देखते हुए सभी बारूद गोदामों का विशेष निरीक्षण कराने के निर्देश दिए.
पेट्रोलियम आपूर्ति एवं वितरण पूरी तरह सामान्य: CM
सीएम योगी ने पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता पर कहा कि आमजन में किसी प्रकार का अनावश्यक पैनिक न हो. आपूर्ति एवं वितरण पूरी तरह सामान्य है. इस संबंध में समय-समय पर लोगों को अवगत कराया जाए. सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों में पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठक कर आपूर्ति एवं वितरण की समीक्षा करें.