‘मैंने अपने 35 साल के राजनीतिक करियर में…’, अजय राय ने PM को कहे अपशब्द पर दी ये सफाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अजय राय की अपमानजनक टिप्पणी से राजनीति गरमा गई है. यूपी कांग्रेस प्रमुख के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया गया है. इस बीच अजय राय ने सफाई देते हुए आरोपों को AI-जनरेटेड वीडियो बताकर खारिज किया है. उन्होंने इसे बीजेपी IT सेल की साजिश बताया और कहा कि वे पीछे नहीं हटेंगे.

यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय इन दिनों अपने विवादित बयानों को लेकर घिरे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ उनके अपमानजनक टिप्पणी से राजनीतिक गहमागहमी बढ़ गई है. महोबा में इस मामले में अजय राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है. इस बीच शनिवार को अजय राय ने सफाई देते हुए कथित वीडियो को AI-जनरेटेड बताया है.

अजय राय ने शुक्रवार को महोबा में समर्थकों का अभिवादन करते यह अभद्र टिप्पणी की थी. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बीजेपी हमलावर हो गई. बीजेपी ने कड़ी निंदा करते हुए कांग्रेस नेता पर राजनीतिक मर्यादा की सभी सीमाओं को पार करने का आरोप लगाया. वहीं, अब अजय राय ने इसे बीजेपी आईटी सेल का साजिश करार दिया है.

मैंने राजनीति में गरिमा बनाए रखी है- अजय राय

वहीं, द हिंदू से बातचीत में अजय राय ने पीएम मोदी के खिलाफ अपने अपमानजनक टिप्पणी को सिरे से खारिज कर दिया. उनका कहना है कि यह वीडियो बीजेपी के आईटी सेल की साजिश है, इसे एआई के जरिए बनाया गया है. अजय राय ने कहा, ‘अपने 35 साल से अधिक के पूरे राजनीतिक करियर में मैंने राजनीति में हमेशा गरिमा बनाए रखी है.’

इस मामले में अजय राय पर महोबा जिले में BNS की गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई है. यह केस एडवोकेट नीरज रावत की की शिकायत पर दर्ज हुआ है. ASP वंदना सिंह ने कहा कि यूपी कांग्रेस प्रमुख अजय राय के खिलाफ प्रधानमंत्री पर विवादित टिप्पणी और पब्लिक ऑर्डर में बाधा डालने का आरोप है. यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर फैले वीडियो पर हुई है.

हम पीछे नहीं हटेंगे, काउंटर केस होगी- अजय राय

इस बीच ANI से बात करते हुए अजय राय ने कहा कि ‘महोबा की उस दलित लड़की को न्याय मिलना चाहिए. मेरे खिलाफ 10 नहीं बल्कि 100 केस दर्ज हो जाए… हम पीछे नहीं हटेंगे. यह एक AI-जनरेटेड वीडियो था. कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता भी निश्चित रूप से इस मामले में काउंटर केस दर्ज करेंगे.’ यह FIR सिटी थाना शहर में 25 से 30 लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है.

Follow Us