यूपी मदरसा बोर्ड का रिजल्ट जारी, 88.26% छात्र-छात्राएं सफल, बेटियों का रहा दबदबा
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद ने मुंशी/मौलवी और आलिम बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है. कुल 88.26% छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए, जिनमें बेटियों का दबदबा रहा. छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट मदरसा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं.
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद ने मुंशी/मौलवी और आलिम बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है. इस साल 88.26 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए, कुल 55,788 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए. खास बात यह रही कि छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा. कुल 29,229 छात्राएं 94.30 प्रतिशत सफलता दर के साथ पास हुईं.
सेकेंडरी यानी मुंशी-मौलवी परीक्षा में कुल 62,232 परीक्षार्थी पंजीकृत थे. इनमें से 47,036 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें 41,426 परीक्षार्थी सफल रहे. इस परीक्षा का कुल परिणाम 88.07 प्रतिशत रहा. सेकेंडरी में भी छात्राओं का प्रदर्शन शानदार रहा है. 21,407 छात्राएं 91.46 प्रतिशत सफलता दर के साथ पास हुईं, जबकि 20,019 छात्र सफल घोषित किए गए.
सीनियर सेकेंडरी में भी 90.88% बेटियां सफल
वहीं सीनियर सेकेंडरी यानी आलिम परीक्षा में कुल 18,701 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे. इनमें से 16,175 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी. इनमें 14,362 छात्र-छात्राएं सफल हुए. इस स्तर पर कुल सफलता प्रतिशत 88.79 रहा. सीनियर सेकेंडरी में 7822 छात्राओं ने परीक्षा पास की, उनका रिजल्ट 90.88 प्रतिशत रहा. जबकि 6540 छात्र (86.42%) पास हुए हैं.
अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि हमारी सरकार की मूल नीति सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के साथ सबका प्रयास है. मुख्यमंत्री योगी की मंशा एक हाथ में कुरान और दूसरे हाथ में कंप्यूटर से अल्पसंख्यकों में एक नए मनोबल को जीतना और विश्वास का संचार हुआ है.
कुल 63,211 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे
छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट मदरसा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट https://madarsaboard.upsdc.gov.in पर देख सकते हैं. मदरसा बोर्ड परीक्षा वर्ष 2026 में कुल 80,933 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे. इनमें से 63,211 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे. परीक्षा पूरी तरह पारदर्शिता और सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में संपन्न कराया गया था.
