यूपी में मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार! पूर्वी हिस्से में भारी बारिश के आसार; 50 से ज्यादा जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिन व्यापक मानसूनी बारिश होगी. पूर्वी यूपी में भारी वर्षा और कई जिलों में वज्रपात का अलर्ट है. बांदा, वाराणसी, प्रयागराज जैसे कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना है. लोगों को खराब मौसम में सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. प्रदेश में अगले पांच दिनों तक व्यापक बारिश होने की संभावना है. खासकर पूर्वी यूपी के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को दोनों संभागों में बारिश की संभावना जताई है. वहीं, 50 से ज्यादा जिलों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के मुताबिक, बारिश के असर से तापमान में भी गिरावट आएगी. अगले 5 दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है. पिछले 24 घंटों में यूपी में अनेकों जगहों पर बूंदाबांदी के साथ बारिश दर्ज की गई है. फतेहगढ़ में सबसे गर्म 38 डिग्री जबकि सबसे कम तापमान हरदोई में 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा.
यूपी के इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद और रामपुर में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इन जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है,
इसके अलावा लखनऊ, जौनपुर, लखीमपुर खीरी, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अमरोहा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, महोबा, उन्नाव, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, प्रतापगढ़, अयोध्या, रायबरेली, बहराइच और सीतापुर समेत आसपास के इलाकों में भी कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है.
50 से ज्यादा जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट
बारिश के साथ वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है. मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और अयोध्या में बिजली गिरने की आशंका जताई है.
वहीं सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ वज्रपात का येलो अलर्ट है.
अबतक सामान्य से 24% कम हुई बारिश
उत्तर प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है. 13 अगस्त तक प्रदेश में 350.8 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 459.3 मिमी होनी चाहिए थी. यानी प्रदेश में बारिश सामान्य से 24 फीसदी कम है. पूर्वी यूपी में 335.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य 489.4 मिमी के मुकाबले 31 फीसदी कम है.
वहीं, पश्चिमी यूपी में 372.4 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 417.3 मिमी है. यहां बारिश सामान्य से 11 फीसदी कम है. हालांकि, अगले पांच दिनों में होने वाली व्यापक बारिश से प्रदेश में बारिश की कमी कुछ हद तक दूर होने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने वज्रपात की आशंका वाले इलाकों में लोगों से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है.
