सावधान! यूपी के इन जिलों में आज आफत की बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

यूपी में भारी बारिश का अलर्ट Image Credit:

उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने मंगलवार यानी 11 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक, आगरा, एटा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मेघगर्जना और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी है. मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

यूपी के इन जिलों में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश और अन्य इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

इसके अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, चित्रकूट, रायबरेली, फतेहपुर, कानपुर, उन्नाव, कन्नौज, फिरोजाबाद, इटावा, अलीगढ़, मथुरा और हाथरस समेत आसपास के इलाकों में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. यह पूर्वानुमान 11 अगस्त की सुबह 8:30 बजे से 12 अगस्त की सुबह 8:30 बजे तक के लिए जारी किया गया है.

इस वजह से फिर जोर पकड़ रहा मानसून

मौसम विभाग ने मानसून के दोबारा सक्रिय होने की वजह भी बताई है. विभाग के मुताबिक इस समय दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर मध्य क्षोभमंडल तक एक चक्रवाती परिसंचरण फैला हुआ है. इसके प्रभाव से निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की स्थिति बनी है. इन मौसमी परिस्थितियों के कारण यूपी के दक्षिणी हिस्सों में मानसून के मजबूत होने के आसार हैं.

Follow Us