UP में कहीं बादलों का डेरा, तो कहीं आसमान से बरस रही आग; जानें कब होगी मानसून की बारिश

उत्तर प्रदेश में कहीं प्री-मॉनसून बारिश तो कहीं भीषण गर्मी का दौर जारी है. आईएमडी के अनुसार, कहीं आसमान में बादल हैं तो कहीं सुबह से ही तेज धूप बेहाल कर रही है. मानसून के यूपी पहुंचने में अभी 10 दिन से अधिक का समय लग सकता है, लेकिन 9 जून से प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है.

यूपी में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में जगह जगह प्री-मानसून की बारिश हो रही है. इस बीच भीषण गर्मी का दौर भी जारी है. आलम यह है कि कहीं आसमान में बादलों की आवाजाही है तो कहीं सुबह-सुबह ही चटखदार धूप निकल आई है और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है. शनिवार की सुबह नोएडा-गाजियाबाद से लेकर बलिया-बनारस तक तेज धूप थी. गर्मी के मारे लोग अकुलाने लगे थे. फिर दिन ढलने के बाद मौसम बदला तो पूर्वांचल के 20 से अधिक जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई. वहीं 40 से अधिक जिलों में तेज हवा के साथ आंधी तूफान जैसा मौसम बना.

भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में आज के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आज प्रदेश भर में सामान्य मौसम रहेगा. पुरवा हवाओं के प्रभाव से आज ज्यादा गर्मी नहीं पड़ेगी. वहीं पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव खत्म होने की वजह से आज बारिश होने की भी संभावना ना के बराबर है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में कहीं कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है.

कब आएगा मानसून?

उत्तर प्रदेश में मानसून की बारिश में अभी थोड़ा समय है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक मानसून अगले दो से तीन दिन के अंदर महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गोवा के अलावा पूर्वोत्तर भारत में आगे बढ़ सकता है. इसके प्रभाव से इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है. लेकिन अभी भी मानसून के उत्तर प्रदेश की सीमा में आने के लिए 10 दिन से अधिक का समय लग सकता है.

यूपी में 9 जून से बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में अभी प्री-मानसून की बारिश का दौर जारी रहेगा. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में नौ जून से 12 जून के बीच भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. यह स्थिति प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से दोनों में समान रूप से देखी जा सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक मानसून धीरे-धीरे देश के अधिकांश हिस्सों को कवर करने के लिए आगे बढ़ रहा है.

Follow Us