आज मौसम दिखाएगा रौद्र रूप! यूपी के 22 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट; 60 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

उत्तर प्रदेश में मानसून के फिर से सक्रिय होने से मौसम सुहाना बना हुआ है. पिछले चार दिनों से अधिकांश जगहों पर रुक-रुककर बारिश हो रही है. इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. वहीं, मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है.

नोएडा में भारी बारिश के बीच बाइक चलाते लोग Image Credit: PTI

उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश की दौर जारी है. पिछले चार दिनों से नोएडा से लेकर प्रयागराज तक कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह जलभराव और यातायात प्रभावित होने की भी संभावना है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को भी कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. पश्चिमी यूपी के अनेक जिलों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में कुछ इलाकों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. कई जगहों पर हवा की रफ्तार 50-60 KM प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.

इन जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी

IMD के मुताबिक प्रयागराज, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, इटावा, फिरोजाबाद, जालौन, झांसी, महोबा, ललितपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर (भदोही), जौनपुर, अमेठी और सुल्तानपुर समेत करीब 22 जिलों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है.

बीते दिन बाराबंकी-हरदोई में सबसे कम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान दोनों संभागों के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. पश्चिमी यूपी के कुछ क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हुई. वहीं बुधवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान फतेहगढ़ और लखीमपुर खीरी में 36 डिग्री, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान बाराबंकी और हरदोई में 22 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है. किसानों और यात्रियों को भी मौसम का ताजा अपडेट देखकर ही अपनी गतिविधियों की योजना बनाने की अपील की गई है.

Follow Us