बुझी बत्ती दे रही ‘मौत का झटका’! पहले डंपर ने बाहर सो रहे 3 को रौंदा, अब पूरे परिवार को सांप ने डंसा
उत्तर प्रदेश में भीषण बिजली कटौती ने हाहाकार मचा रखा है. गर्मी से बेहाल लोग घरों के बाहर सोने को मजबूर हैं. बाराबंकी में डंपर ने 3 को रौंदा, वहीं उरई में सांप ने परिवार को डंस लिया, जिसमें एक की मौत हो गई. ये घटनाएं दिखाती हैं कि यूपी में बुझी बत्ती भी मौत का झटका दे रही है, जिससे अनचाही जानें जा रही हैं.
उत्तर प्रदेश बिजली कटौती से हाहाकार की स्थिति है. यहां तो बुझी हुई बत्ती भी मौत के झटके दे रही है. जी हां, अभी बाराबंकी में बिजली कटने पर एक परिवार घर के बाहर सोया था, उनके ऊपर बेलगाम डंपर दौड़ गया. इसमें पिता और दो बेटों की मौत हो गई. वहीं, अब उरई में बिजली कटने की वजह से एक परिवार घर के बाहर सोया था, उन्हें सांप ने डंस लिया है. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है. वहीं दो लोगों की हालत नाजुक है.
जानकारी के मुताबिक ताजी घटना उरई के माधौगढ़ थाना क्षेत्र में बंगरा गांव की है. शनिवार की रात यहां लाइट नहीं थी. ऐसे में भीषण गर्मी की वजह से एक परिवार छत पर सोया था. तभी सांप ने एक के बाद एक तीन लोगों को डंस लिया. इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया. परिवार के लोग इन लोगों को अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़ फूंक कराने लगे. इतने में एक युवक की मौत हो गई. इसके बाद परिवार के लोग बाकी दो लोगों को लेकर झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्हें गंभीर स्थिति में भर्ती किया गया है.
अगले महीने है बेटी की शादी
इस परिवार के ललन्जू परिहार के मुताबिक अगले महीने ही बेटी की शादी है. इसमें शामिल होने के लिए रिश्तेदार आने लगे हैं. इन्हीं में से मध्य प्रदेश के रौन में रहने वाली उनकी भतीजी का बेटा पुनीत भी था. चूंकि शनिवार की देर रात बिजली नहीं थी. ऐसे में पुनीत परिवार के ही 23 वर्षीय अंशुल और 19 वर्षीय सुमित के साथ छत पर बिस्तर लगाकर सो गया. देर रात सांप ने इन तीनों को ही डंस लिया है. इस दौरान अंशुल ने हड़बड़ी में सांप को मार दिया. आनन फानन में तीनों को झाड़ फूंक के लिए डीहा ले जाया गया, जहां कोई फायदा नहीं हुआ. आखिर में जिला अस्पताल ले गए और फिर झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया.
डॉक्टरों ने की पुष्टि
झांसी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर हर्षवर्धन द्विवेदी के मुताबिक सर्पदंश से अंशुल की मौत हुई है. परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया और डेथ सर्टिफिकेट लिए शव अपने साथ ले गए. वहीं अंशुल के साथ आए दो अन्य युवकों का भर्ती कर लिया गया है. बता दें कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में हृदय विदारक घटना हुई. यहां घर के बाहर सो रहे एक परिवार को डंपर ने रौंद डाला.
बिजली कटने पर बाहर सोया था परिवार
जानकारी के मुताबिक यह परिवार भी बिजली कटने पर घर के बाहर सोया था. इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने एक दंपत्ति और दो बच्चों को रौंद दिया. इसमें पिता और दो बेटों की तो मौके पर ही मौत हो गई, वहीं महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे लखनऊ के लिए रेफर किया गया है.
