पूर्वांचल में भीषण गर्मी, पश्चिमी UP में आंधी-बारिश का अलर्ट; जानें अपने जिले का मौसम
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, खासकर पूर्वांचल और बुंदेलखंड लू की चपेट में हैं. पश्चिमी यूपी में आज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, जो थोड़ी राहत दे सकती है. 25 मई से नौतपा शुरू होने के साथ गर्मी और बढ़ेगी, अगले हफ्ते तापमान 45°C के पार रहने का अनुमान है. IMD ने कई जिलों के लिए रेड और येलो अलर्ट जारी किया है.
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं. प्रदेश के ज्यादातर हिस्से में आसमान से आग बरस रही है. दोपहर से पहले ही इतनी तेज गर्मी हो जा रही है कि घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जा रहा है. वहीं तेज धूप की वजह से सड़कें भट्टी जैसे दहकने लग रही हैं. हालांकि इसी बीच राहत की भी खबर है. आज पश्चिमी यूपी में कहीं कहीं धूल भरी आंधी चलने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है.
बता दें कि 25 मई यानी कल से ही नौतपा लग रहा है. ज्योतिष विज्ञानियों के मुताबिक इस बार नौतपा में गर्मी अधिक हो सकती है. मौसम विभाग का भी दावा है कि अगले एक हफ्ते तक उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना रहेगा. इस दौरान भीषण गर्मी के साथ झुलसा देने वाली लू भी चलेगी. इस दौरान न्यूनतम तापमान भी बढ़ा हुआ रहेगा. इसकी वजह से रात में भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा.
अलग अलग जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक ताजा परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 25 से अधिक जिलों में येलो अलर्ट है. भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक उत्तर प्रदेश में आगामी कुछ दिन चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं. मौसम विभाग के इस बुलेटिन के मुताबिक आज प्रदेश के कई हिस्सों में उष्ण लहर से लेकर भीषण उष्ण लहर तक चलने के आसार हैं.
पूर्वांचल में गर्मी का प्रकोप
वैसे तो गर्मी पूरे प्रदेश में खूब पड़ रही है, लेकिन गर्मी का ज्यादा असर बुंदेलखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में देखा जा रहा है. दिन निकलते ही तेज धूप और झुलसाने वाली हवाएं चलने लग रही हैं. मौसम विभाग के मुताबिक कई क्षेत्रों में भीषण हीटवेव चल सकती है. अगले कुछ दिनों तक रात के समय भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रह सकता है. ऐसे हालात में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के लिए परेशानी की स्थिति बन सकती है.
इन जिलों में भीषण गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और बांदा समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी होगी. इन जिलों में आज तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है. वहीं नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत और अलीगढ़ जैसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में आज धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं. कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है.