नोएडा-मेरठ में हल्की बारिश, पूर्वांचल में गिरेंगे ओले; आज UP में रंग बदल रहा मौसम
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बाद अब मौसम का मिजाज बदल रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से नोएडा-मेरठ समेत कई जिलों में हल्की बारिश और पूर्वांचल में ओले गिरने की संभावना है. इससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आएगी, लेकिन गेहूं की तैयार फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है. किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बीते 10 दिनों से उत्तर प्रदेश में आसमान से आग बरस रही थी. तेज धूप और गर्मी के मारे लोगों को मार्च में अप्रैल मई का एहसास हो रहा था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश का मौसम रंग बदल रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र ने आज उत्तर प्रदेश में आंधी, पानी और ओले गिरने की संभावना जताई है. नोएडा-गाजियाबाद से लेकर मेरठ-मुरादाबाद तक हल्की बारिश के आसार हैं तो बलिया-गाजीपुर से लेकर गोरखपुर महाराजगंज तक ओले गिरने की संभावना है.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए प्रशासन एवं आम लोगों को अलर्ट किया है. मौसम विभाग के मुताबिक बदले मौसम की वजह से तेजी से बढ़ती गर्मी पर ब्रेक लग जाएगा. लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत भी मिल जाएगी, लेकिन बेमौसम की इस बारिश से खेती किसानी को बड़ा नुकसान हो सकता है. चूंकि इस समय खेत में गेहूं की फसल तैयार खड़ी है. ऐसे में इस बारिश के साथ तेज हवा के चलने से फसल गिरने का खतरा है.
दो से तीन डिग्री तक गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक बीते एक हफ्ते से उत्तर प्रदेश में तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, लेकिन बदले मौसम में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है. खासतौर पर पूर्वांचल, वेस्ट यूपी के कुछ जिले और तराई वाले जिलों में हल्की बारिश होने से अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे जा सकता है. इस दौरान कई जिलों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि की वजह से भी गर्मी से राहत मिलेगी.
एक्टिव हुआ पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के मुताबिक एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है. इसकी वजह से मौसम में बदलाव की स्थिति बनी है. यूपी के कई जिलों में शनिवार की देर रात से ही तेज हवाएं चल रही हैं. बाकी जिलों में भी आज बादल छाए रहने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई वाले जिलों में ओलावृष्टि हो सकती है. वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक तराई और पूर्वांचल के कुछ जिलों में 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
गरज के साथ होगी बारिश
मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट दिया है. ताजा बुलेटिन के मुताबिक इन दो दिनों में देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर आदि जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है.