युवाओं के लिए सुनहरा मौका! यूपी सरकार देगी फ्री स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग; आवेदन शुरू

योगी सरकार ने रोजगार मिशन के तहत युवाओं के लिए निशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू किया है. UPSDM द्वारा 300 से अधिक कोर्स में युवाओं को मुफ्त ट्रेनिंग मिलेगी. इस दौरान उनके रहने और खाने का पूरा खर्च सरकार उठाएगी. साथ ही प्रशिक्षण के बाद कैंपस प्लेसमेंट से रोजगार भी मिलेगा.

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

योगी सरकार के रोजगार मिशन के तहत युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए एक नई पहल शुरू की है. इसके तहत युवाओं को फ्री में स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग दिया जाएगा. इस दौरान युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप व्यावहारिक एवं तकनीकी कौशल प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार प्राप्त करने में आसानी हो सके.

गाजीपुर जिला सेवायोजन अधिकारी विवेकानंद सिंह ने बताया कि रोजगार मिशन के तहत ‘उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन’ (UPSDM) आयोजित की जा रही है. इच्छुक अभ्यर्थी ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 3 से 4 महीने का निशुल्क स्किल डेवलपमेंट ट्रैनिंग ले पाएंगे. उन्होंने बताया कि इसका चयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा.

युवाओं को 300 से अधिक कोर्सेज में फ्री ट्रेनिंग

दरअसल, UPSDM युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए फ्री तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है. इसके तहत 14 से 35 साल के युवाओं को 300 से अधिक कोर्सेज में प्रशिक्षित किया जाना है. इस योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी को 10वीं, 12वीं, आईटीआई या अन्य संबंधित ट्रेड में शैक्षिक योग्यता होना आवश्यक है.

जिला सेवायोजन अधिकारी के अनुसार, यह प्रशिक्षण मुख्य रूप से चार विभिन्न ट्रेडों में संचालित किया जाएगा. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अभ्यर्थियों को कैंपस प्लेसमेंट/रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जा सके. इच्छुक अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द आवेदन करने की सलाह दी गई है.

रहने और खाने का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी

विवेकानंद सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान रहने, खाने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का पूरा खर्च उत्तर प्रदेश सरकार वहन करेगी. साथ ही उन्होंने युवाओं से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है. इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए अपने जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.

Follow Us