यूपी में मानसून का रौद्र रूप, पूरे प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट; 50 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है. IMD ने अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी है, जिसके चलते पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, जबकि उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. लोगों को सतर्क और सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है.

नोएडा में भारी बारिश के बीच बाइक चलाते लोग Image Credit: PTI

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को पूरे प्रदेश में दोनों संभागों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक और कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कई जिलों में अच्छी बारिश हुई. कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई, वहीं कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. इससे उमस भरी गर्मी से राहत और मौसम सुहावना हो गया है.

इन जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट

कुशीनगर, महाराजगंज, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा पूरे यूपी में लगभग अनेकों स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बौछाड़े पड़ने का अनुमान है.

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी. इसके बाद तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. बीते 24 घंटे में प्रदेश का सबसे कम तापमान हरदोई में 23 डिग्री सेल्सियस और सबसे अधिक तापमान झांसी में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

इन जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराया

मौसम विभाग ने आजमगढ़, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, हरदोई, फिरोजाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा और औरैया समेत कई जिलों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई है.

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए कई जिलों में लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक घरों से बाहर न निकलने और तेज हवा चलने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील का गई है. नदी किनारे रहने वाले लोगों, किसानों और निचले इलाकों में रहने वालों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं. कई जिलों में स्कूलों के बंद कर दिया गया है.

Follow Us