वाराणसी: BHU में बवाल, रुईया-बिड़ला हॉस्टल के छात्र आपस में भिड़े; भारी पुलिस फोर्स तैनात

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) में माहौल एक बार फिर से तनावपूर्ण बना हुआ है. रुईया और बिड़ला हॉस्टल के छात्र आमने-सामने है. दोनों गुटों में जमकर मारपीट और पथराव की घटना सामने आई है. BHU कैंपस में भारी पुलिस की तैनाती की गई है, ताकी शांति भंग न हो.

BHU में बवाल: रुईया-बिड़ला हॉस्टल के छात्रों में पथराव Image Credit:

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) में गुरुवार को एक बार फिर से तनाव बढ़ गया है. गुरुवार को रुईया और बिड़ला हॉस्टल के छात्र आमने-सामने आ गए. दोनों गुटों में जमकर मारपीट और पथराव की घटना सामने आई है. तनाव बढ़ता देख BHU प्रशासन ने वाराणसी कमिश्नरेट को सूचना दी. इसके बाद कैंपस में 5 थानों की फ़ोर्स और पीएसी तैनात की गई है.

रुईया हॉस्टल के पास शाम साढ़े चार बजे एमए के छात्र पियूष के साथ निष्कासित छात्र दर्शित पांडेय, रौनक मिश्रा, अंकित पाल और विश्वजीत यादव ने मारपीट की. घटना के बाद हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई. बिड़ला सी के कई छात्र मुंह पर कपड़ा बांधकर हाथ में डंडा लेकर दौड़ते हुए दिखाई दिए. इस दौरान छात्रों की तरफ से पथराव भी किया गया.

हॉस्टल में चेकिंग अभियान, बाहरी तत्वों की जांच

बीएचयू प्रशासन की सूचना पर पांच थानों की फ़ोर्स और पीएसी कैंपस में तैनात कर दी गई है. फिलहाल कैंपस में भारी संख्या में फ़ोर्स लगाई गई है और शांति व्यवस्था बनी हुई है. बिड़ला हॉस्टल में BHU के प्रॉक्टोरियल बोर्ड के स्टॉफ पुलिस के साथ मिलकर चेकिंग अभियान चला रहे हैं. बिड़ला हॉस्टल में बाहरी तत्वों की भी जांच की जा रही है.

छात्रावास पर ये आरोप है कि कई ऐसे बाहरी तत्व अवैध तरीके से हॉस्टल में रह रहे हैं जो कैंपस को अशांत बनाए रखते हैं. वहीं, पीड़ित छात्र पियूष तिवारी की तहरीर पर इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सभी एंगल से जांच में जुटी है. साथ ही पता लगाया जा रहा है कि कोई पुरानी रंजिश या जातिसूचक टिप्पणी तो नही की गई थी.

पुराना स्टूडेंट, गैर-कानूनी तरीके से न रह पाये

काशी ज़ोन के डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस (DCP) गौरव बंसवाल ने कहा, ‘जन्माष्टमी पर हुई एक घटना को लेकर आज फिर रुइया हॉस्टल और बिरला हॉस्टल के स्टूडेंट्स के बीच झड़प हुई. एक स्टूडेंट घायल हो गया और उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. अपने बयान में, उसने कुछ स्टूडेंट्स के नाम बताए जो यूनिवर्सिटी के पुराने स्टूडेंट्स हैं.’

उन्होंने कहा कि सभी हॉस्टल की छतों पर नज़र रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है. अधिकारी यह पक्का कर रहे हैं कि कोई भी पुराना स्टूडेंट यहां गैर-कानूनी तरीके से न रह रहा हो. प्रॉक्टोरियल बोर्ड हर कमरे की तलाशी ले रहा है, और अगर कोई गैर-कानूनी तरीके से रहता पाया जाता है, तो उसे हटा दिया जाएगा, और कमरा सील कर दिया जाएगा.’