चिकन करी में मिली छिपकली! BHU के इस हॉस्टल में छात्रों ने काटा बवाल, मेस-कैंटीन बंद
बीएचयू हॉस्टल में चिकन करी में छिपकली मिलने से छात्रों ने भारी हंगामा किया. इसके बाद आनन फानन में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मेस-कैंटीन बंद करा दिया है. छात्रों ने दूषित भोजन, खराब स्वच्छता और अस्वच्छ रसोई का आरोप लगाया. कहा कि वेज-नॉनवेज एक ही तेल में बनता है. छात्र बेहतर सुविधाओं और भोजन सुरक्षा की मांग कर रहे हैं.
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) में बुधवार को बड़ा बवाल हो गया. यहां डालमिया हॉस्टल में छात्र लंच कर रहे थे. इसी दौरान एक छात्र की थाली में परोसी गई चिकन करी में छिपकली मिल गई. देखते ही छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया. कुछ छात्र उल्टी भी करने लगे. सूचना मिलते ही हॉस्टल वार्डन और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के लोग डालमिया हॉस्टल पहुंचे. आनन फानन में मेस और कैंटीन को बंद करा दिया गया.
हालात को देखते हुए मौके पर डॉक्टर बुलाए गए. जिन छात्रों ने लंच कर लिया थ उन्हें डॉक्टरों ने तत्काल अपनी निगरानी में ले लिया. हालांकि किसी भी छात्र को किसी तरह की दिक्कत की बात सामने नहीं आई है. बावजूद इसके छात्र इस घटना को लेकर लगातार आंदोलित हैं. छात्रों ने आरोप लगाया है कि छात्रावास में समस्याओं का अंबार है, शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही.
चारो ओर पसरी है गंदगी
इस घटना के बाद आंदोलित छात्रों ने बताया कि हॉस्ट में पीने के पानी से लेकर शौचालयों की सफाई तक के बुरे हाल हैं. इन समस्याओं को लेकर कई बार एप्लीकेशन दिया गया, लेकिन समस्याओं के समाधान के लिए कोई पहल नहीं हुई. यही वजह है कि आज खाने में मरी हुई छिपकली मिली है. छात्रों के मुताबिक मेस और कैंटीन एक ही व्यक्ति संचालित करता है. खाने की गुणवत्ता से लेकर शुचिता तक का ख़्याल नही रखा जा रहा है.
एक ही तेल में बनता है वेज और नॉनवेज
छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल का किचन राम भरोसे चल रहा है. यहां वेज और नॉनवेज एक ही तेल में बनाया जा रहा है. खाना बनाने के बर्तन भी ठीक से साफ नहीं किए जाते. इसकी वजह से मेस में खाने वाले छात्र अक्सर बीमार पड़ते रहते हैं. छात्रों ने मेस और कैंटीन बंद करने और साफ पीने के पानी की व्यवस्था कराने की मांग की है. फिलहाल वार्डन और प्रोफ़ेसर्स छात्रों को समझाने बुझाकर शांत करने में लगे हैं.