BHU में दाखिले का अंतिम मौका! PG कोर्सेज में 2500 सीटों पर ऑन स्पॉट होगा रजिस्ट्रेशन

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में PG कोर्सेज की 2500 सीटों पर दाखिले का अंतिम मौका है. CUET PG योग्य छात्र 10 से 14 जुलाई तक ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. इसके बाद स्पॉट राउंड आयोजित किए जाएंगे. यह छात्रों के लिए BHU में प्रवेश पाने का सुनहरा अवसर है, क्योंकि 30 जुलाई तक दाखिला प्रक्रिया पूरी होनी है.

बनारस हिंदू विश्व विद्यालय (वीडियो ग्रैब) Image Credit:

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में नए सत्र की विधिवत शुरूआत हो गई है. परंपरागत तरीके से पूजा पाठ के बाद अलग-अलग फैकेलिटीज में क्लासेस शुरू हो गए हैं. इसी क्रम में यूनिवर्सिटी में प्रवेश परीक्षा भी अंतिम चरण में है. 30 जुलाई से पीजी कक्षाएं शुरू होनी हैं, लेकिन पीजी पाठ्यक्रमों में कुछ सीटें बची हैं. रिपोर्ट के मुताबिक विभिन्न कोटे और सुपरन्यूमरेरी सीटें मिलाकर लगभग 2500 सीटें हैं.

केंद्रीय प्रवेश समिति के मुताबिक इन सभी सीटों को भरने के लिए 10 जुलाई से 14 जुलाई तक ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन और इसके बाद स्पॉट राउंड चलाए जाएंगे. इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है. इसमें संभावित डेट और कार्यक्रम भी स्पष्ट किया गया है. इस अधिसूचना के तहत 10 से 14 जुलाई तक स्पॉट रजिस्ट्रेशन होगा. CUET PG के पात्र अभ्यर्थी विभिन्न पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों के आधार पर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे. इस प्रक्रिया के तहत 16 जुलाई को स्पॉट राउंड सीट आवंटन की शुरुआत होगी. यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो दूसरा स्पॉट राउंड 20 जुलाई को होगा.

जारी हुआ पूरा कार्यक्रम

केंद्रीय प्रवेश समिति के मुताबिक चूंकि हर हाल में 30 जुलाई तक एडमिशन प्रक्रिया पूरी होनी है. इसलिए पूरा कार्यक्रम अधिसूचना में घोषित कर दिया गया है. इसी क्रम में 22 जुलाई को स्टूडेंट पोर्टल पर कॉल लेटर इश्यू होंगे और 27 जुलाई को पहले सीट आवंटन राउंड और GD-PI राउंड के अभ्यर्थियों को संबंधित विभाग और कॉलेजों में रिपोर्टिंग होगी. फिर 28 जुलाई को दूसरे, तीसरे और चौथे राउंड और सभी स्पॉट राउंड के अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग करनी है.

123 सामान्य पाठ्यक्रमों में 5000 एडमिशन

प्रवेश समिति के मुताबिक यूनिवर्सिटी में पीजी पाठ्यक्रमों में कुल 8400 सीटें उपलब्ध हैं. इनमें प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है. जीडीपीआई और प्रैक्टिकल परीक्षा वाले 27 पाठ्यक्रमों की लगभग 1400 सीटों में से भी आधी भर चुकी हैं. इसी प्रकार 123 सामान्य पाठ्यक्रमों में भी 5000 से ज्यादा अभ्यर्थियों का प्रवेश हो चुका है. इसी क्रम में इंटरनेशनल छात्रों के प्रवेश के लिए समर्पित पोर्टल भी शुरू हो चुका है. इस साल 585 शैक्षणिक कार्यक्रमों में 25 फीसदी सीटों पर विदेशी छात्रों को प्रवेश दिए जाएंगे.

Follow Us