ऐसा चोर देखा क्या? शटर काटकर घुसा, नहाया-धोया और कॉफी पी; फिर बाइक लेकर हो गया फरार

वाराणसी में हुई एक अनोखी बाइक चोरी ने सबको चौंका दिया है. एक चोर ने प्रीमियम बाइक एजेंसी का शटर काटकर अंदर घुसकर करीब साढ़े चार घंटे तक मौज मस्ती की. उसने कॉफी पी, नहाया, लुंगी डांस किया और आखिर में शोरूम मैनेजर की 4.71 लाख की नई KTM Adventure 390 S बाइक चुराकर फरार हो गया. यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद है.

सीसीटीवी कैमरे में कैद चोर

भगवान भोलेनाथ की नगरी काशी में चोरी की एक अनूठी वारदात हुई है. यहां एक सिरफिरा चोर प्रीमियम बाइक एजेंसी के शीशे वाले दरवाजे को काटकर अंदर घुसा, फिर करीब साढ़े चार घंटे तक शोरूम में मौज काटा. उसने वहां कॉफी पी, वॉशरूम में नहाया, म्यूजिक चलाकर बाइक के कवर की लुंगी बनाकर डांस किया और आखिर में शोरूम मैनेजर की करीब 4.71 लाख रुपये कीमत की ब्रांड न्यू KTM एडवेंचर 390 एस (KTM Adventure 390 S) बाइक लेकर फरार हो गया.

यह वारदात वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित एक ऑटोमोबाइल शोरूम की है. यह पूरी अजीबोगरीब वारदात एजेंसी पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है. जिसे देखकर पहले शोरूम मालिक दंग रह गए, वहीं अब खुद पुलिस भी हैरान है. इस संबंध में ​शोरूम के जनरल मैनेजर रोहित कुमार सिंह ने पुलिस में तहरीर दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

रोहित कुमार सिंह ने अपनी तहरीर में बताया कि वह सोमवार की रात करीब 10 बजे शोरूम बंद कर स्टॉफ के साथ अपने अपने घर चले गए थे. उस समय उनकी तीन महीने पुरानी केटीएम बाइक चाबी के साथ शोरूम के अंदर ही खड़ी थी. रात में करीब 11:30 बजे हाथ में देवी माता की तस्वीर लिए सफेद शर्ट और जींस पहने एक युवक शोरूम के बाहर पहुंचा. बारिश शुरू होने पर उसने बाहर लगा बैनर फाड़कर ओढ़ा और फिर कटर से कांच का दरवाजा काटना शुरू कर दिया.

रात 12:06 बजे शोरूम में घुसा चोर

उन्होंने बताया कि करीब 36 मिनट की मशक्कत के बाद इस चोर ने शटर और कांच का दरवाजा काटा और फिर रात में 12:06 बजे वह एजेंसी के अंदर घुस गया. ​अंदर पहुंचते ही उसने बिंदास अंदाज में सबसे पहले रिसेप्शन पर रखा कंप्यूटर ऑन किया और रिवॉल्विंग चेयर पर बैठकर काफी देर तक गोल-गोल घूमता रहा. फिर उसने मिनी फ्रिज से ठंडा पानी निकालकर पिया और फिर खुद के लिए मशीन से गरमा-गरम कॉफी बनाकर चुस्कियां लीं. इसके बाद वह शोरूम के वॉशरूम में गया और आराम से नहाया.

शोरूम में किया लुंगी डांस

उन्होंने बताया कि नहाने के बाद इस चोर ने अपने गीले कपड़े बाइक पर सुखाने के लिए फैला दिए. फिर उसने वहां रखी एक नई बाइक के कवर को फाड़कर लुंगी की तरह लपेटा, कंप्यूटर पर गाने बजाए और लंबे समय तक लुंगी डांस करता रहा. ​शोरूम से जाने से पहले शातिर चोर ने एजेंसी की ब्रांडेड टी-शर्ट और कैप पहनी, बाइक का एक नया कवर उठाया और सुबह करीब 4 बजे उनकी बाइक लेकर फरार हो गया. घटना की जानकारी सुबह सिक्योरिटी गार्ड को टूटा हुआ कांच देखकर हुई और उसने सूचना दी.

Follow Us