हस्बेंड की क्वीन बनना चाहती थी… दुल्हन ने लिखा 6 पेज का सुसाइड, फिर लगा ली फांसी
बनारस में एक दुल्हन ने दहेज उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली. शादी के सवा साल बाद हुई इस घटना ने सबको चौंका दिया है. दुल्हन ने 6 पेज का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने हसबेंड की क्वीन बनने की इच्छा अधूरी रहने का दर्द बयां किया है. पुलिस ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के बनारस में एक दुल्हन की सुसाइड का हैरतंगेज मामला सामने आया है. इस दुल्हन ने शादी के सवा साल के अंदर ही सुसाइड कर ली है. इस घटना के पीछे दहेज उत्पीड़न का एंगल सामने आया है. दुल्हन के पिता की तहरीर पर वाराणसी पुलिस ने महिला के पति समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मामला बनारस में शिवपुर थाना क्षेत्र का है.
पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश में ही चंदौली में सकलडीहा थाना क्षेत्र के शिवगढ़ में रहने वाली काजल की शादी 16 नवंबर 2024 को बनारस में बैंक ऑफ इंडिया के मलदहिया शाखा में तैनात असिस्टेंट मैनेजर नितेश कुमार सिंह के साथ हुई थी. आरोप हे कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल में काजल का काफी उत्पीड़न हुआ. यहां तक कि कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई. ऐसे में अपने मायके आकर रहने लगी थी. बाद में पारिवारिक स्तर पर हुए सुलह समझौते के बाद वह 26 जनवरी को वापस ससुराल आई. लेकिन 7 फरवरी को फिर से उसके साथ मारपीट हुई.
दहेज उत्पीड़न का दर्ज कराया था केस
इसके बाद काजल ने अपने परिजनों को बुलाकर 9 फरवरी को पुलिस में अपने पति नितेश, जेल विवेक, अभिषेक, जेठानी प्रिया और आंचल के अलावा सास कनकलता सिंह के खिलाफ शिवपुर थाने में दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था. आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद ससुरालियों ने काजल को घर में अकेला छोड़ दिया था.इसी बीच काजल ने छह पेज का सुसाइड नोट लिखकर पहले इसे वॉट्सऐप पर मायके वालों को भेजा और फिर फंदे से लटककर जान दे दी है.
आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज
सुसाइड नोट देखकर मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद खुद भी मौके पर पहुंचे. इस संबंध में दुल्हन के पिता नीरज राय ने अपने दामाद नितेश समेत सभी ससुरालियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है. पुलिस के मुताबिक काजल ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि वह अपने हसबेंड की क्वीन बनना चाहती थी, लेकिन दहेज की वजह से उसके अरमान अधूरे रह गए.
