कार से महिला को लगी ठोकर तो इंसानियत दिखाने उतरा कारोबारी, बदले में मिली मौत!
वाराणसी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अपनी कार से टक्कर लगने पर एक महिला की मदद करने उतरे कारोबारी मनीष सिंह को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला. मानवता दिखाने की यह कीमत कारोबारी को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. पुलिस ने मामले में 8 नामजद सहित 15 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना समाज में इंसानियत और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है.
उत्तर प्रदेश के बनारस में रविवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. यहां एक कारोबारी की कार से टकराकर एक महिला घायल हो गई थी. कारोबारी ने महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए वहां मौजूद लोगों से मदद मांगी, लेकिन लोगों ने मदद करने के बजाय कारोबारी की ही पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस वारदात से शहर में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कारोबारी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
इस संबंध में कारोबारी के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने 8 नामजद समेत 15 से अधिक लोगों के खिलाफ फूलपुर थाने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. इनमें से पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है. वहीं बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश तेज कर दी गई है. यह वारदात रविवार की देर रात वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र की है. वारदात के वक्त कारोबारी अपनी फैक्ट्री से घर लौट रहे थे.
ऐसे हुई वारदात
मृत कारोबारी की पहचान मनीष सिंह के रूप में हुई है. उनकी अपने घर से करीब आधे किमी की दूरी पर पत्तल-दोने बनाने की फैक्ट्री है. रविवार की रात वह अपनी फैक्ट्री में काम खत्म होने के बाद अपनी कार में सवार होकर घर लौट रहे थे. अभी वह फैक्ट्री से निकले ही थे कि उनकी कार से टकराकर एक महिला घायल हो गई. इंसानियत दिखाते हुए मनीष ने गाड़ी रोकी और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए वहां मौजूद लोगों से मदद मांगी. उस समय लोग मदद करने के बजाय कारोबारी पर एक्सिडेंट का आरोप लगाते हुए लात जूते मारने लगे.
परिजनों ने दर्ज कराई एफआईआर
एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र सिंह ने बताया कि मनीष के परिजनों ने इस संबंध में तहरीर दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करते हुए दो लोगों को अरेस्ट किया है. वहीं बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धरपकड़ तेज कर दी है. परिजनों ने बताया कि मनीष कुमार सिंह अपने मां-बाप के एकलौते थे. वहीं घर में उनकी दो बेटियां और एक बेटा है. इस वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई है. हालात को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने गांव में पांच थानों की फोर्स व पीएससी तैनात किया है.