अखिलेश के 40 हजार वाले वादे पर मौलाना रजवी का तंज- सत्ता में रहते 40 पैसे भी दिए थे?

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने 2027 चुनाव में अखिलेश यादव के महिलाओं को वादे पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए सपा ने महिलाओं को कभी कुछ नहीं दिया. मुस्लिम समाज की अनदेखी पर भी अखिलेश को घेरा, कहा कि उन्हें कई बार सीएम बनाया पर सम्मान नहीं मिला.

मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को सत्ता में आने के बाद 40 हजार रुपये देने के वादे किए हैं. इस बीच ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने चुनावी वादों को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है.

मौलाना रजवी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने महिलाओं को 50 हजार रुपये देने का ऐलान किया. इसके बाद अखिलेश यादव ने भी सत्ता में आने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये देने की बात कही है. उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि जब वह मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने किसी महिला को 40 हजार रुपये देना तो दूर, 40 पैसे भी दिए हों तो बताएं.

चुनावी वादों को लेकर सोच-समझकर फैसला लें

मौलाना ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही महिलाओं को लुभाने के लिए बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं. महिलाओं को ऐसे वादों पर आंख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए. उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे चुनावी वादों को लेकर सोच-समझकर फैसला लें और किसी के बहकावे में न आएं. साथ ही सपा अध्यक्ष से उनके पिछले कार्यकाल का हिसाब मांगा.

जिस कौम ने सत्ता तक पहुंचाने में साथ दिया…

मौलाना रजवी ने मुस्लिम समाज को लेकर भी अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है. मौलाना ने कहा कि मुसलमानों ने अखिलेश यादव और उनके पिता मुलायम सिंह यादव को कई बार मुख्यमंत्री बनाने में अहम भूमिका निभाई, लेकिन इसके बदले मुस्लिम समाज को वह सम्मान और हिस्सेदारी नहीं मिली, जिसकी उम्मीद थी.

उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी में आज मुसलमानों की स्थिति केवल कुर्सी लगाने और दरी बिछाने तक सीमित रह गई है. मौलाना ने कहा कि जिस कौम ने सत्ता तक पहुंचाने में साथ दिया, अगर उसके लिए कुछ नहीं किया गया तो महिलाओं से किए जा रहे बड़े-बड़े वादों पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है.

Follow Us