‘मुझे थोड़े परमिशन देनी है’, शंकराचार्य के मामले में बोले केशव मौर्य- विवाद में पड़ना नहीं चाहता

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के गौ रक्षा अभियान का आज से शुरूआत हो रही है. इससे पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने शंकराचार्य के अभियान पर भी प्रतिक्रिया दी. डिप्टी सीएम ने यात्रा की परमिशन के सवाल पर दो टूक कहा कि ' जिसको परमिशन देनी है वो समझें'

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (फाइल फोटो) Image Credit: PTI

ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती शुक्रवार से गौ रक्षा अभियान की शुरूआत करने जा रहे हैं. शाम को वाराणसी के केदारघाट पर गंगामाता की पूजा के साथ गोप्रतिष्ठार्थ धर्मयुद्ध शंखनाद का संकल्प लेंगे. इससे पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने शंकराचार्य के अभियान पर भी प्रतिक्रिया दी.

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शंकराचार्य के गौ रक्षा अभियान की परमिशन पर कहा, ‘जिनको यात्रा की परमिशन देनी है वो समझें, हमें थोड़ी परमिशन देना है.’ साथ ही अपने पहले के स्टैंड पर कायम रहते हुए कहा कि गौ माता पूरी तरह सुरक्षित हैं. यूपी में गौ माता को कोई खरोंच भी नहीं पहुंचा सकता है. हम सब गौ माता की पूजा करते हैं.

शंकराचार्य के असली-नकली हिन्दू पर क्या बोले?

डिप्टी सीएम ने इस दौरान शंकराचार्य के असली और नकली हिन्दू के मामले पर कहा कि, ‘राजनैतिक विवादों में नहीं पड़ना चाहता.’ साथ ही शंकराचार्य के बयान कि यूपी में कोई गऊ को खरोंच भी नहीं ला सकता तो वो प्रदेश में गायों की संख्या कम क्यों हो रही हैं? इसपर कहा, ‘संतों के चरणों में सदा प्रणाम करता हूं, ऐसे राजनीतिक विवादों को बढ़ावा नहीं देना चाहिए.’

केशव प्रसाद मौर्य ने वाराणसी के तुलसीपुर में आयोजित संघ के होली मिलन कार्यक्रम के शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने सर्किट हाऊस में बीजेपी के पदाधिकारियों के साथ संवाद भी किया. उपमुख्यमंत्री वाराणसी दौर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान से देवाधिदेव महादेव की पूजा अर्चना की.

11 मार्च को लखनऊ में सभा, कांग्रेस का समर्थन

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गौ रक्षा के लिए यूपी सरकार को दिए अल्टीमेटम पर कोई निर्यण नहीं आने पर 6 मार्च से ‘धर्म युद्ध’ और 11 मार्च को लखनऊ में निर्णायक सभा की घोषणा की है. शंकराचार्य को गौ रक्षा अभियान में कांग्रेस का समर्थन मिला है, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को उनसे मुलाकात कर पार्टी का पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया.