बनारस में फिर सामने आया गंगा में चिकन-दारू पार्टी का वीडियो, 5 अरेस्ट

उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में गंगा नदी में नाव पर चिकन और दारू पार्टी का वीडियो वायरल हुआ है. वीडियो मान मंदिर घाट के पास का है. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों पर गंगा की पवित्रता भंग करने और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप है, जिसके चलते नाव भी जब्त कर मुकदमा दर्ज किया गया है.

गंगा में चिकन पार्टी का वीडियो वायरल Image Credit:

उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी से फिर एक वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. यह वीडियो और तस्वीरें बीच गंगा में नाव पर बैठकर चिकन-दारू पार्टी की हैं. इसमें कुछ युवक गंगा में नाव पर सवार हैं और नाव पर ही चिकन बनाया जा रहा है और बीयर एवं शराब पीया जा रहा है. वायरल हो रहा ये वीडियो वाराणसी के मान मंदिर घाट का बताया जा रहा है.

वायरल वीडियो पर वाराणसी में दशास्वमेघ थाना पुलिस एक्शन में आ गई है. इस मामले में अब तक पांच लोगों को अरेस्ट किया गया है. पुलिस के मुताबिक वीडियो कुछ दिन पहले का है. पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. एसीपी दशास्वमेघ अतुल अंजान त्रिपाठी के मुताबिक वीडियो में दिख रहे पांचों युवकों की पहचान कर उन्हें अरेस्ट कर लिया गया है.

मुकदमा दर्ज कर भेजा जेल

एसीपी के मुताबिक इन सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. इनके खिलाफ पतित पावनी गंगा में अनैतिक कार्य करने का आरोप है. इसी के साथ पुलिस ने इनकी नाव को भी सीज कर दिया है. अब पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है. उन्होंने बताया कि इसी के साथ पुलिस ने गंगा में नाव चलाने के नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों पर भी निगरानी बढ़ा दी है.

आरोपियों की हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक इस वारदात में पकड़े गए आरोपियों की पहचान हो गई है. इनमें दीपक कुमार पुत्र पारस नाथ निषाद निवासी सुजाबाद पड़ाव थाना रामनगर, अजय साहनी पुत्र रामू सनी निवासी सुजाबाद पड़ाव थाना रामनगर, अरुण कुमार साहनी पुत्र सत्यनारायण निषाद निवासी डोमरी थाना रामनगर, अनुराग निषाद पुत्र मनोज कुमार निषाद निवासी डोमरी थाना रामनगर, राहुल साहनी पुत्र लोलार्क साहनी निवासी बंधा रोड, सुजाबाद, थाना रामनगर वाराणसी के रूप में हुई है. ये सभी आरोपी बीस से 30 साल आयु वर्ग के हैं.

Follow Us