’50 हजार दे दो, मामला सेटल कर दूंगी’, वाराणसी में विजिलेंस के जाल में फंसी GST उपायुक्त

वाराणसी में विजिलेंस ने GST (राज्य) उपायुक्त को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने एक कंपनी मालिक से टैक्स सेटलमेंट के नाम पर पैसे मांगे थे. शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर उन्हें पकड़ा. इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है.

वाराणसी में जीएसटी (राज्य) उपायुक्त अंबिका, रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार Image Credit:

उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने वाराणसी में GST (राज्य) विभाग की एक राजपत्रित महिला अधिकारी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. महिला अधिकारी ने एक कंपनी के संचालक से टैक्स सेटलमेंट के एवज में रिश्वत की मांग की थी. विजिलेंस टीम ने बकायदे जाल बिछाते हुए चेतगंज के पास उन्हें पकड़ा है.

जानकारी के अनुसार, ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अजय कुमार मौर्य ने विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई थी. आरोप था कि उनकी कंपनी के फरवरी 2023 के GST रिटर्न और टैक्स से जुड़े मामले के निस्तारण के लिए उपायुक्त ने रिश्वत की मांगी की थी. विजिलेंस टीम की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है.

‘पचास हज़ार दे दो सेटल कर दूंगी’

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह GST (राज्य) उपायुक्त अंबिका से एक दिन पहले कंपनी के टैक्स को लेकर मिलने पहुंचे थे. जहां महिला अधिकारी ने कहा, ‘तुम्हारे कंपनी के अकाउंट और आईटीआर में प्रॉब्लम है, पचास हज़ार दे दो सेटल कर दूंगी ‘. उन्होंने इसकी जानकारी विजिलेंस को दी. टीम ने पूरे मामले का सत्यापन किया और फिर ट्रैप की योजना बनाई.

विजिलेंस ने बकायदे जाल बिछाते हुए अजय मौर्या के जरिए महिला अधिकारी को चेतगंज के दादा रेस्टोरेंट के बगल में बुलाया. फिर योजना के तहत शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ भेजा गया. जैसे ही अजय कुमार मौर्य ने महिला अधिकारी को 50 हजार रुपये दिए, पहले से घात लगाए बैठी विजिलेंस टीम ने उन्हें रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया.

महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की

विजिलेंस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान अधिकारी ने मौके से निकलने की कोशिश की और महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की, लेकिन टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया. जीएसटी (राज्य) सेक्टर-6 की उपायुक्त अंबिका के खिलाफ थाना सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी सेक्टर में मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले में आगे की कार्यवाही जारी है.

वहीं, विजिलेंस विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत हेल्पलाइन नंबर 9454401866 और 9454401222 पर की जा सकती है. विभाग का कहना है कि शिकायत मिलने पर गोपनीय तरीके से जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us