यूपी चुनाव में JDU की एंट्री, निशांत कुमार ने वाराणसी में भरी हुंकार; कुर्मी वोट पर नजर

यूपी चुनाव में जदयू की एंट्री हो गई है. निशांत कुमार ने वाराणसी में कार्यकर्ताओं से बैठक कर 25 अक्टूबर को कोरौता बाजार में बड़ी जनसभा की घोषणा की. जदयू का 'निश्चय रथ' भी तैयार है, जिसपर 'रोजगार मतलब नीतीश सरकार' लिखा है.

यूपी चुनाव में जदयू की एंट्री Image Credit:

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अभी 6 महीने से ज्यादा का समय बचा है. इससे पहले अब नए नए खिलाड़ियों की एंट्री भी शुरू हो गई है. चिराग पासवान के बाद अब जनता दल यूनाईटेड (JDU) नेता और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी वाराणसी पहुंचे. जहां उन्होंने ऐलान किया है कि नीतीश कुमार की पार्टी भी यूपी चुनाव लड़ने जा रहे हैं.

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने वाराणसी में मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार वाली सफलता हम यूपी में भी दोहराने जा रहे हैं. जेडीयू भी एनडीए परिवार का हिस्सा है और यूपी में भी हम मजबूती से लड़ेंगे. कितनी सीटों पर लड़ेंगे ये अभी तय नही है. एनडीए के सभी घटक दल मिलकर आपसी सहमति से सीटें तय करेंगे.

हालांकि निशांत कुमार ने अपने दौरे को आध्यात्मिक दौरा बताया. लेकिन उन्होंने जेडीयू के वाराणसी इकाई के साथ सर्किट हाउस में एक बैठक भी की है. बैठक में ये तय हुआ है कि 25 अक्टूबर को वाराणसी के कोरौता बाजार में एक बड़ी जनसभा करके हम अपनी ताकत दिखाएंगे.

इस बैठक में जेडीयू के महासचिव अवधेश सिंह और सचिव संतोष पटेल भी बैठक में मौजूद थे. पार्टी महासचिव अवधेश सिंह की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर को वाराणसी में जनसभा का आयोजन होना है. इस कार्यक्रम में बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा सहित अन्य नेता शामिल होंगे.

इस बीच जेडीयू ने अपना चुनावी रथ तैयार कर लिया है. 25 अक्टूबर को इसकी लॉन्चिंग होनी है. जेडीयू ने चुनावी बस रूपी रथ का नाम निश्चय रथ रखा है. रथ पर नीतीश कुमार की तस्वीर के साथ एक नारा भी लिखा हुआ है कि ‘रोज़गार मतलब नीतीश सरकार’.

वरिष्ठ पत्रकार विजय नारायण का कहना है कि जेडीयू को यूपी आने में अब देर हो गई है. ये काम इनको लोकसभा चुनाव के समय ही करना था. अब इसका तात्कालिक लाभ इनको विधानसभा चुनाव में मिलेगा इसमें संदेह है. हालांकि अपनी पार्टी के विस्तार के दृष्टिकोण से ये सही निर्णय है.

विजय नारायण कहते हैं कि सपा से पटेल वोटरों की नज़दीकी बीजेपी को परेशान कर रही है. वो हर हाल में पटेल वोटरों को अपने पाले में लाने के लिए रणनीति बना रहे हैं.सपा के पास इस समय लाल जी वर्मा जैसा मजबूत कुर्मी नेता और सात कुर्मी सांसद हैं.

यूपी की राजनीति में यादव (8% से 10% के बीच )के बाद पटेल मतदाताओं की संख्या (6% से 8% के बीच )सबसे बड़ी है. और इसमें मौर्या-कुशवाहा और शाक्य वोटरों को जोड़ लें तो ये संख्या करीब 14% तक पहुंच जाती है.
जेडी यू की यूपी चुनाव में एंट्री के पीछे भी यही कुर्मी-कोईरी जातीय समीकरण है.

Follow Us