हर सोमवार अलग रूप में भक्तों को दर्शन देंगे बाबा विश्वनाथ, काशी में सावन के लिए ऐसी चल रही तैयारी
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में सावन मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. इस वर्ष बाबा विश्वनाथ हर सोमवार को अलग-अलग दिव्य स्वरूपों में भक्तों को दर्शन देंगे. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और निर्बाध दर्शन के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. श्रावण माह में VIP दर्शन बंद रहेंगे, जबकि काशी वासियों के लिए विशेष व्यवस्था और लाइव दर्शन सुविधा उपलब्ध होगी.
भगवान भोलेनाथ के बारह ज्योतिर्लिंगों में प्रधान ज्योतिर्लिंग श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में श्रावण मेले की तैयारी अंतिम चरण में है. इस दौरान श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में मंदिर प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और निर्बाध दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटा है. सावन के प्रत्येक सोमवार को बाबा विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार होगा. यह श्रृंगार अलग-अलग दिव्य स्वरूपों में किया जाएगा. जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति की प्राप्त होगी.
इस वर्ष महादेव का अति प्रिय मास सावन 30 जुलाई (सोमवार) से शुरू होकर 28 अगस्त को समाप्त होगा. श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रावण मास की तैयारियों को लेकर मंगलवार बैठक संपन्न हुई. इसमें तय हुआ कि श्रावण माह के सभी सोमवार को बाबा अपने विभिन्न स्वरूपों में दर्शन देंगे. प्रत्येक सोमवार को उनके अलग-अलग स्वरूपों में श्रृंगार किया जाएगा. यह जानकारी श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने दी.
कब किस स्वरूप में होंगे दर्शन?
न्यास के मुताबिक 03 अगस्त यानी प्रथम सोमवार को बाबा श्रीशंकर स्वरुप में दर्शन देंगे. वहीं 10 अगस्त यानी दूसरे सोमवार को गौरी-शंकर, 17 अगस्त यानी तीसरे सोमवार को अर्धनारीश्वर और 24 अगस्त यानी चौथे सोमवार को रुद्राक्ष स्वरूप में बाबा का श्रृंगार होगा. इसके अलावा 27-अगस्त को पड़ने वाली पूर्णिमा को बाबा का झूला श्रृंगार किया जाएगा. इसके लिए बाबा के धाम में तैयारियां पहले से ही शुरू कर दी गई है.
ऐसे रहेंगे सुरक्षा इंतजाम
मंदिर प्रशासन के अनुसार सावन में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता तथा दर्शन व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है. श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से मंगलवार को बैठक हुई और हर संभावित परिस्थिति को लेकर विचार विमर्श किया गया.
VIP दर्शन बंद
श्रावण माह में प्रोटोकॉल और वीआईपी दर्शन बंद रहेगा. काशी वासियों के लिए दर्शन पूजन की अलग से व्यवस्था होगी. यह जानकारी मंदिर प्रशासन ने दी है. मंदिर प्रशासन ने भक्तों को आगाह किया है कि वह इन सुविधाओ के लिए किसी के बहकावे में ना आएं. वहीं मंदिर प्रबंधन ने विशिष्ट जनों से भी अनुरोध है कि कोई प्रोटोकॉल अनुरोध न भेजें. मंदिर प्रशासन के मुताबिक बाबा के दरबार में कोई वीआईपी नहीं होगा. सभी लोग कतार में ही बाबा के दर्शन कर सकेंगे.
काशी वासियों को सीएम को तोहफा
काशी वासीयों के लिए श्रावण सोमवार तथा पर्व दिवसों को छोड़कर बाकी दिनों में सुबह 4 बजे से 5 बजे व शाम 4 से 5 झॉकी दर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी. वे दर्शनार्थी जो किंचित कारणों से धाम पहुचने में सक्षम नहीं है, उनके लिए पवित्र सावन माह पर श्री काशी विश्वनाथ महादेव के दर्शन-पूजन के लाइव दर्शन कि सुविधा भी उपलब्ध होगी. लाइव दर्शन को मंदिर न्यास की वेबसाइट, मंदिर न्यास के आधिकारिक यू- ट्यूब चैनल एवं आधिकारिक प्रसारण साझीदार टाटा स्काई के प्लेटफार्म से स्ट्रीम किया जाएगा.
